Sonbhadra News: उप सम्भागीय परिवहन विभाग में कथित अवैध वसूली का खेल, गिट्टी-बालू लदे वाहनों से पांच हजार रुपये मासिक एंट्री फीस!
फिटनेस के नाम पर छह से साढ़े छह हजार रुपये तक वसूली का आरोप, बिना रसीद हो रहा लेनदेन
Sonbhadra News: जनपद के उप सम्भागीय परिवहन विभाग में कथित अवैध वसूली का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। भरोसेमंद सूत्रों के अनुसार गिट्टी-बालू लदे छोटे-बड़े वाहनों से एंट्री फीस के नाम पर करीब पांच हजार रुपये प्रतिमाह वसूले जा रहे हैं। वहीं वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र के नाम पर भी वाहन स्वामियों से छह हजार से साढ़े छह हजार रुपये तक लिए जाने का आरोप है।
सूत्रों का दावा है कि पहले वाहनों का फिटनेस महज 1500 से 2000 रुपये में हो जाता था, जिसमें करीब 900 रुपये की रसीद भी दी जाती थी। लेकिन फिटनेस की प्रक्रिया निजी एजेंसियों के हाथों में जाने के बाद वसूली की रकम कई गुना बढ़ने की बात सामने आ रही है। आरोप है कि निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त ली जा रही रकम की कोई रसीद वाहन स्वामियों को नहीं दी जाती। इतना ही नहीं, यदि फिटनेस के समय वाहन मौके पर मौजूद नहीं होता तो करीब 9500 रुपये तक वसूले जाने की चर्चा है। सूत्रों की मानें तो प्रतिदिन 50 से 60 वाहनों का फिटनेस किया जाता है। ऐसे में प्रतिदिन होने वाले लेनदेन और कथित अतिरिक्त वसूली की रकम जांच का विषय बनी हुई है। बताया जाता है कि यूपी-64 पंजीकरण वाले वाहनों को कुछ रियायत दी जाती है, जबकि बाहरी जनपदों के वाहनों से मनमाने तरीके से एंट्री फीस वसूले जाने का आरोप है।
Sonbhadra News: केंद्रीय औषधि भंडार रॉबर्ट्सगंज में लाखों के घोटाले का आरोप, कागजों पर चल रहा खरीद-फरोख्त का खेल
सवाल यह है कि यदि फिटनेस और एंट्री फीस के नाम पर निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि ली जा रही है तो इसकी निगरानी कौन कर रहा है? बिना रसीद होने वाले इस कथित लेनदेन पर विभागीय अधिकारी मौन क्यों हैं? पूरे मामले में परिवहन विभाग के उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराकर कथित अवैध वसूली पर अंकुश लगाने की मांग उठने लगी है।
वही उधर कांग्रेस पूर्व प्रवक्ता शत्रुंजय मिश्रा ने बताया कि भाजपा सरकार में उप सम्भागीय परिवहन विभाग मे भ्रष्टाचार खुलेआम किया जा रहे हैं अधिकारी कर्मचारी व बाहरी सिंडिकेट दलालों के माध्यम से सोनभद्र आरटीओ विभाग में खुलेआम आम जनमानस के साथ लूट की जा रही है संबंधित अधिकारी मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज व कागजों की जांच कर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई कब करेगी इसका कोई जवाब नहीं है।
रिपोर्ट -अमित मिश्रा, सोनभद्र



