Sonbhadra News: तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला पहुंचे सोनभद्र, श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर स्व. जय प्रकाश चतुर्वेदी को किया नमन
Sonbhadra News: Telangana Governor Shiv Pratap Shukla arrived in Sonbhadra; he attended a tribute meeting and paid his respects to the late Jai Prakash Chaturvedi.
Sonbhadra News:तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला शनिवार को सोनभद्र के दौरे पर पहुंचे। जनपद आगमन पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने उनका स्वागत किया। राज्यपाल के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।
राज्यपाल अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत सबसे पहले रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के ग्राम एवं पोस्ट तेन्दू पहुंचे। यहां उन्होंने रमेश मिश्रा के आवास पर कुछ समय बिताया। इसके बाद वह डाला स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने अल्प विश्राम किया।
स्व. जय प्रकाश चतुर्वेदी की श्रद्धांजलि सभा में हुए शामिल
इसके बाद राज्यपाल कोन क्षेत्र के ग्राम एवं पोस्ट चाचीकला पहुंचे। यहां रमेश चन्द्र चतुर्वेदी के आवास पर स्वर्गीय जय प्रकाश चतुर्वेदी, पूर्व संगठन मंत्री एवं उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पूर्व सदस्य, की श्रद्धांजलि सभा और ब्रह्मभोज कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
शिव प्रताप शुक्ला ने श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर स्वर्गीय जय प्रकाश चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कैथी मारकण्डेय महादेव मंदिर में किया पूजन
श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने के बाद राज्यपाल रॉबर्ट्सगंज स्थित कैथी मारकण्डेय महादेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान शिव के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
मंदिर दर्शन के बाद राज्यपाल रॉबर्ट्सगंज सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने कुछ समय विश्राम किया। इसके बाद अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वाराणसी के लिए रवाना हो गए।
राज्यपाल के सोनभद्र भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के साथ मार्ग और कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक इंतजाम किए गए।
रिपोर्ट: अमित मिश्रा, सोनभद्र
Read Also-Prayagraj News: प्रयागराज में राहुल गांधी का छात्रों से संवाद, बोले- युवा भारत की शक्ति और शान हैं



