Unnao News : श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन, 2 अगस्त को निकलेगी भव्य कलश यात्रा

Unnao News : उन्नाव के गोकुल बाबा मंदिर, मगरवारा में 2 से 12 अगस्त 2026 तक श्री शिव महापुराण कथा, श्री वैभव लक्ष्मी महायज्ञ, पार्थिव ज्योतिर्लिंग पूजा एवं भव्य भंडारे का आयोजन होगा। 2 अगस्त को आरएसएस कॉलेज से कलश यात्रा निकलेगी।

Unnao News : जनपद के गोकुल बाबा मंदिर, मगरवारा में 2 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक विशाल श्री शिव महापुराण कथा, श्री वैभव लक्ष्मी महायज्ञ एवं पार्थिव ज्योतिर्लिंग पूजा का भव्य आयोजन किया जाएगा। धार्मिक आयोजन श्री गुरु आदि सनातन वैदिक सेवा सनातन ट्रस्ट एवं गोकुल बाबा मंदिर समिति, मगरवारा के संरक्षण में संपन्न होगा।

इस आयोजन के मुख्य कथा यजमान सतेन्द्र सिंह (उर्फ बच्चा भईया), पुत्र स्वर्गीय लाल बहादुर सिंह, गलगलहा (उन्नाव) हैं। वहीं वाराणसी के सुप्रसिद्ध कथा वाचक संत श्री पृशांत प्रभू जी महाराज श्रद्धालुओं को श्री शिव महापुराण कथा का रसपान कराएंगे।

2 अगस्त को निकलेगी भव्य कलश यात्रा

आयोजन की शुरुआत 2 अगस्त 2026 को भव्य कलश यात्रा से होगी। कलश यात्रा आरएसएस कॉलेज, उन्नाव स्थित हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए आयोजन स्थल तक पहुंचेगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के इसमें शामिल होने की उम्मीद है।

प्रतिदिन होगा कथा और महायज्ञ

आयोजकों के अनुसार 2 अगस्त से 11 अगस्त तक प्रतिदिन सायं 4:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन होगा। वहीं प्रातः 8:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक श्री वैभव लक्ष्मी महायज्ञ एवं वैदिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे। इसके अलावा आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए **पार्थिव ज्योतिर्लिंग पूजा** का भी विशेष आयोजन रहेगा।

12 अगस्त को होगा विशाल भंडारा

धार्मिक अनुष्ठान के समापन अवसर पर 12 अगस्त 2026 को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की संभावना है।

इनका रहेगा संरक्षण एवं मार्गदर्शन

आयोजन को सफल बनाने में कई सामाजिक एवं धार्मिक हस्तियां सहयोग कर रही हैं। कार्यक्रम की विशिष्ट संरक्षक रश्मि पंकज गुप्ता (सदर विधायक, उन्नाव) हैं। इसके अलावा अनुराग अवस्थी, श्वेता भानु गुप्ता, संजय त्रिपाठी, अजय अवस्थी (सचिव), राम प्रकाश चौरसिया, अतुल सिंह, गोल्डी गुप्ता तथा आचार्य कार्तिकेय द्विवेदी (उपाध्यक्ष) सहित अनेक पदाधिकारी आयोजन से जुड़े हुए हैं।

आनंदेश्वर मंदिर महादेव जी गौरा सेवा ट्रस्ट के उपाध्यक्ष सतेन्द्र सिंह एवं अध्यक्ष आनंद कुमार मिश्रा (गौरा कठेरवा, उन्नाव) ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजन का पुण्य लाभ लेने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button