UP News : IAS-PCS की मुफ्त कोचिंग के लिए आपके पास बड़ा अवसर, जल्द करें आवेदन

UP News : उत्तर प्रदेश सरकार की मुफ्त IAS-PCS कोचिंग योजना के लिए युवाओं में उत्साह बढ़ा है। 5513 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 18 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं, जबकि परीक्षा 5 जुलाई को होगी।

UP News : उत्तर प्रदेश सरकार की निःशुल्क IAS-PCS कोचिंग योजना को युवाओं का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस योजना के तहत बड़ी संख्या में अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के युवाओं के लिए यह योजना सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी का सुनहरा अवसर बनकर उभरी है।

समाज कल्याण विभाग के अनुसार, 1 जून 2026 तक 5513 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है, जबकि 2848 उम्मीदवारों ने अपने आवेदन को अंतिम रूप देकर फाइनल लॉक भी कर दिया है। इच्छुक अभ्यर्थी 18 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयन के लिए प्रवेश परीक्षा 5 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी।

महंगी कोचिंग से मिलेगी राहत

सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी के लिए निजी संस्थानों में लाखों रुपये खर्च करने पड़ते हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश सरकार की यह निशुल्क कोचिंग योजना आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध करा रही है। योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली युवाओं को समान अवसर प्रदान करना और उन्हें प्रशासनिक सेवाओं में सफलता दिलाना है।

865 सीटों पर होगा चयन

समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह ने बताया कि प्रदेश में IAS-PCS कोचिंग के लिए कुल 865 सीटें निर्धारित की गई हैं। इनमें 25 प्रतिशत सीटें लेटरल एंट्री के लिए आरक्षित हैं। यह व्यवस्था उन अभ्यर्थियों के लिए की गई है जो सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) उत्तीर्ण कर चुके हैं और मुख्य परीक्षा की तैयारी करना चाहते हैं।

पारदर्शी चयन प्रक्रिया पर जोर

समाज कल्याण विभाग पूरी पारदर्शिता के साथ चयन प्रक्रिया और कोचिंग संचालन की तैयारी कर रहा है। चयनित अभ्यर्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री और प्रतियोगी परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

प्रतिभाशाली युवाओं को मिल रहा अवसर

प्रदेश सरकार का मानना है कि आर्थिक तंगी किसी भी प्रतिभाशाली छात्र के सपनों में बाधा नहीं बननी चाहिए। इसी सोच के साथ शुरू की गई यह योजना युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं में करियर बनाने का अवसर प्रदान कर रही है। साथ ही यह पहल सामाजिक समावेशन और समान अवसर की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button