adevertisment Adevertiisment banner

यूपी: राज्यपाल व मुख्यमंत्री योगी ने गांधी आश्रम में चलाया चरखा, किया याद

लखनऊ। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर हजरतगंज स्थित गांधी आश्रम में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके चित्र पर भी माल्यार्पण किया। इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने चरखा चलाया व गांधी के भजनों का आनंद लिया। इससे पूर्व जीपीओ पर लगी गांधी प्रतिमा पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने पुष्पाजंलि अर्पित कर नमन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गांधी आश्रम में खादी के वस्त्र खरीदे और उसका भुगतान किया। कार्यक्रम के दौरान खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, विधायी एवं न्याय मंत्री बृजेश पाठक, विधान परिषद सदस्य स्वतंत्रदेव सिंह, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव खादी ग्रामोद्योग, एमएसएमई एवं सूचना नवनीत सहगल सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और गांधी आश्रम के कर्मचारी उपस्थित थे।

अखिलेश ने गांधी व शास्त्री को किया नमन

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर पार्टी कार्यालय के लोहिया सभागार और गांधी आश्रम में उनके चित्र पर पुष्पांजलि दी और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने सभी को गांधी व शास्त्री जयंती की बधाई दी। आश्रम में प्रबंधक और कर्मचारियों ने अखिलेश यादव का स्वागत किया। उन्होंने खादी, चरखा और गांधी साहित्य भी भेंट किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी ही खादी को प्रोत्साहन देते है।

2022 में समाजवादी सरकार बनने पर खादी को बढ़ाने में विशेष मदद दी जाएगी। गांधी का पूरा जीवन अन्याय के विरूद्ध था। जहां पूरी दुनिया गांधी दर्शन की ओर देख रही है, वहीं भारत में गांधी के विचारों का पालन नहीं किया जा रहा है। भाजपा उनके विचारों को मार रही है। समाजवादियों को इसे बचाना है। इससे पूर्व लोहिया सभागार में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने मानवता को सत्य व अहिंसा का संदेश दिया था, जिसे पूरी दुनिया के लोग मानते है। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री के विचार जय जवान-जय किसान की आज देश को बड़ी जरूरत है। गांधी और शास्त्री के दर्शन से ही समाज और देश में बदलाव होगा।

Related Articles

Back to top button