US-Iran War: ईरान पर अमेरिका की लगातार 9वीं रात बमबारी, होर्मुज स्ट्रेट में दो जहाजों में धमाका; IRGC की खुली चेतावनी

अमेरिका ने ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर ताबड़तोड़ हवाई हमले किए, जबकि होर्मुज स्ट्रेट में दो जहाजों में विस्फोट के बाद तनाव और बढ़ गया। IRGC ने अमेरिका पर आरोप लगाते हुए समुद्री मार्ग को असुरक्षित बताया।

US-Iran War: पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य संघर्ष लगातार गंभीर होता जा रहा है। अमेरिका ने ईरान पर लगातार नौवीं रात बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए हैं। वहीं, होर्मुज स्ट्रेट में दो जहाजों में हुए विस्फोट के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने इस घटना के लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराते हुए कड़ी चेतावनी जारी की है।

ईरान के कई शहरों में अमेरिकी हवाई हमले

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, रविवार शाम (अमेरिकी समयानुसार) ईरान के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। रिपोर्टों के मुताबिक तबरीज, होरमोजगान, बुशेहर और चाबहार सहित कई इलाकों में तेज धमाके हुए। चाबहार के पास कोनारक क्षेत्र में ईरानी एयर डिफेंस सिस्टम भी सक्रिय कर दिया गया।

अमेरिका का कहना है कि इन हमलों का उद्देश्य होर्मुज स्ट्रेट में अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों और नागरिक नाविकों के लिए खतरा पैदा करने वाली ईरानी सैन्य क्षमताओं को कमजोर करना है। अमेरिकी प्रशासन का दावा है कि समुद्री व्यापार मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने तक सैन्य अभियान जारी रहेगा।

उत्तरी इराक में अमेरिकी सैनिक की मौत

संघर्ष के बीच उत्तरी इराक से भी एक अहम खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ईरान की ओर से गिराए गए एक ड्रोन बम को निष्क्रिय करने के दौरान विस्फोट हो गया, जिसमें एक अमेरिकी सैनिक की मौत हो गई। रिपोर्टों के मुताबिक, इस संघर्ष की शुरुआत के बाद से अब तक 17 अमेरिकी सैनिकों की जान जा चुकी है।

होर्मुज स्ट्रेट में दो जहाजों में विस्फोट

सोमवार को होर्मुज स्ट्रेट में दो जहाजों में जोरदार विस्फोट होने की खबर सामने आई। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने दावा किया कि दोनों जहाज दक्षिणी समुद्री मार्ग से गुजर रहे थे और उन्हें भारी नुकसान पहुंचा है।

IRGC ने आरोप लगाया कि इन जहाजों ने अमेरिका के कहने पर एक ऐसे समुद्री रास्ते का इस्तेमाल किया, जिसे ईरान पहले ही असुरक्षित बता चुका था। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

US-Iran War: मोजतबा खामेनेई की अमेरिका को खुली चेतावनी, ट्रंप पर साधा निशाना

IRGC की अमेरिका को खुली चेतावनी

IRGC ने बयान जारी कर कहा कि जब तक अमेरिका इस क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई जारी रखेगा, तब तक होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह सुरक्षित नहीं माना जा सकता। संगठन ने चेतावनी दी कि इस मार्ग से तेल, गैस और पेट्रोकेमिकल उत्पादों का परिवहन गंभीर जोखिम में रहेगा।

वैश्विक बाजार पर बढ़ सकता है असर

होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक माना जाता है। वैश्विक कच्चे तेल और एलएनजी का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। ऐसे में यहां बढ़ता सैन्य तनाव अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा आपूर्ति, तेल की कीमतों और वैश्विक व्यापार पर व्यापक असर डाल सकता है

Related Articles

Back to top button