adevertisment Adevertiisment banner

Yogi Adityanath: जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं 150 लोगों की फरियाद, अधिकारियों को दिए निर्देश

Yogi Adityanath: गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान करीब 150 लोगों से मिले सीएम, अधिकारियों को समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि उपचार में धन की कमी बाधा नहीं बनने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाएगा और यदि इसके बाद भी आर्थिक मदद की आवश्यकता हुई तो मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र और जरूरतमंद लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। इसका उद्देश्य यह है कि बीमारी की स्थिति में किसी भी व्यक्ति को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े और उसे समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए निर्देश

शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर जनता दर्शन का आयोजन किया गया। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 150 लोगों से मुलाकात की। वह लोगों के बीच पहुंचे और उनके प्रार्थना पत्र लेकर एक-एक शिकायत को ध्यानपूर्वक देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसी को भी चिंता करने की जरूरत नहीं है, सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है। अलग-अलग मामलों से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सौंपते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक तरीके से किया जाए।

जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

जनता दर्शन में जमीन पर कब्जे से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतों में कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और पीड़ितों को उचित राहत मिलनी चाहिए।

गोशाला में गोवंश को रोटी-गुड़ खिलाकर की गोसेवा

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुबह की दिनचर्या परंपरागत रही। प्रातःकाल उन्होंने महायोगी गुरु गोरखनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद अपने ब्रह्मलीन गुरु महंत अवेद्यनाथ जी को श्रद्धांजलि अर्पित की और मंदिर परिसर स्थित गोशाला पहुंचे।

गोशाला में मुख्यमंत्री ने गोवंश को अपने हाथों से रोटी और गुड़ खिलाया। इस दौरान उन्होंने भोलू नाम के बछड़े और छुटकी नाम की बछिया को आवाज देकर अपने पास बुलाया और उन्हें दुलार किया। मुख्यमंत्री का स्नेह पाकर गोवंश उनके करीब आने के लिए उत्सुक दिखाई दिए। इस पर उन्होंने प्यार से उन्हें अपनी जगह पर रहने की हिदायत देते हुए कहा, ‘अपनी जगह पर ही रहो नहीं तो चोट लग जाएगी।’

Related Articles

Back to top button