adevertisment Adevertiisment banner

योगी के मंत्री ने ली प्रतिज्ञा, ‘जब देश कोरोना मुक्त नहीं होगा, अन्न ग्रहण नहीं करूंगा’

एटा। उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास राज्यमंत्री महेश गुप्ता गुरुवार को एटा (Etah) के अलीगंज पहुंचे. यहां उनका भाजपा (BJP) कार्यकर्ताओं ने फूल माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए भीष्म प्रतिज्ञा लेने का बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि देश से जब तक कोरोना नामक वैश्विक महामारी (COVID-19) का समूल नाश नहीं होगा, तब तक वो अन्न ग्रहण नहीं करेंगे. बीते 5 साल से अन्न ग्रहण नहीं करने का भी दावा करते हुए उन्होंने कहा कि भारत से आतंकवाद के समूल नाश के लिए उन्होंने पहले भी तपस्या की और प्रण लिया कि जब तक आतंकवाद नष्ट नहीं होता है, वो अन्न ग्रहण नहीं करेंगे. उसी का प्रतिफल है कि आज आतंकवाद अपनी अंतिम सांस ले रहा है. उनकी कमर तोड़ दी गई है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राष्ट्रनायक ही नहीं बल्कि विश्व नायक बताते हुए उन्होंने कहा कि विदेशी धरती पर भी पीएम मोदी का जादू चल रहा है. ब्राजील को कोरोना काल में दवा मुहैया करवाकर उन्होंने संजीवनी दी है. अमेरिका भी पीएम मोदी की नीतियों का कायल है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना की दूसरी लहर के दौरान लगातार प्रदेश का दौरा किया. उन्होंने अपने जीवन की परवाह न करते हुए प्रदेश की जनता के प्राणों की रक्षा के लिए अपना सबकुछ दांव पर लगा दिया. आज उन्हीं की तपस्या का फल है कि प्रदेश विकराल हो चुकी दूसरी लहर को संभाल पाया. कोविड की तीसरी संभावित लहर के लिए प्रदेश पूरी तरह तैयार है. बच्चों के लिए हर जनपद में अलग वार्ड तैयार कर लिया गया है. सभी जरूरी मशीनरी वहां पहुंचा दी गई है.

महेश गुप्ता ने दिया बड़ा बयान
अलीगंज पालिका परिषद में मल्टी प्लेक्स और बारातघर की मांग पर महेश गुप्ता ने कहा कि यहां का पालिका अध्यक्ष मेरे छोटे भाई जैसा है .जो भी विकास की योजना मेरे पास आएगी वो जरूर पूर्ण होगी. वहीं जनपद मुख्यालय एटा नगर पालिका परिषद के कारनामों से पूरा नगर तालाब में तब्दील हो चुका है. यहां तक कि सरकारी कार्यालय भी पानी से डूब रहे हैं. इस पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने कहा कि मामला उनकी जानकारी में नही था. अगर किसी प्रकार की पालिका परिषद की कमी पाई जाएगी तो उस पर कार्रवाई की जाएगी.

Related Articles

Back to top button