adevertisment Adevertiisment banner

अयोध्या में जमीन खरीदना हुआ महंगा, 8 साल बाद सर्किल रेट में बंपर बढ़ोतरी

राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या न सिर्फ धार्मिक बल्कि पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है। इसका सीधा असर अब अयोध्या की ज़मीनों की कीमत पर भी साफ दिखाई दे रहा है। अब यहां जमीन खरीदना पहले से कहीं ज्यादा महंगा हो गया है, क्योंकि जिले में करीब 8 साल बाद सर्किल रेट में बड़ा बदलाव किया गया है।

कई इलाकों में 200% तक का इजाफा
नई व्यवस्था के तहत कई क्षेत्रों में सर्किल रेट में 200 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गौरतलब है कि सर्किल रेट वह न्यूनतम मूल्य होता है, जिस पर सरकार जमीन की खरीद-फरोख्त के लिए स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन फीस निर्धारित करती है। रेट बढ़ने का सीधा मतलब है कि अब जमीन खरीदने पर अतिरिक्त खर्च करना होगा।

राम जन्मभूमि के आसपास रेट में सबसे ज्यादा उछाल
DM अयोध्या निखिल टी. फुंडे के अनुसार, अगस्त 2023 में सर्किल रेट में संशोधन का प्रस्ताव रखा गया था। आपत्तियों के बाद समीक्षा कर अब इसे अंतिम रूप दे दिया गया है और नए सर्किल रेट लागू हो चुके हैं। खास बात ये है कि राम जन्मभूमि से सटे गांवों में रेट में सबसे ज्यादा वृद्धि देखी गई है।

2019 से मांग बढ़ी, अब सरकारी रेट भी पीछे नहीं
2019 में सुप्रीम कोर्ट द्वारा राम मंदिर निर्माण के पक्ष में फैसला आने के बाद से अयोध्या में जमीनों की मांग में जबरदस्त इजाफा हुआ। बाजार दरें तो लगातार बढ़ रही थीं, लेकिन सरकारी सर्किल रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ था। अब लगभग 8 साल बाद सर्किल रेट में बदलाव कर उसे बाजार दरों के करीब लाया गया है।

Related Articles

Back to top button