adevertisment Adevertiisment banner

लखीमपुर खीरी हिंसा को लेकर भ्रम फैला रहे हैं राहुल गांधी : भाजपा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं और उनका गैर जिम्मेदाराना रवैया हिंसा को भड़काने का काम कर रहा है। राहुल गांधी ने बुधवार को लखीमपुर खीरी हिंसा को लेकर एक संवाददाता सम्मेलन में केंद्र सरकार पर हमला बोला जिसके बाद भाजपा प्रवक्ता संम्बित पात्रा ने यहाँ संवाददाता सम्मेलन में पलटवार करते हुए कहा कि जब लखीमपुर खीरी हिंसा मामले की जांच चल रही है , तब राहुल गांधी इस तरह के बयान नहीं दे जिससे जांच पर असर हो। वह लोगों को भड़काने का काम कर रहे है।

उन्होंने कहा, “लखीमपुर में जो भी हुआ वह दुखद है। किसानों और प्रशासन के बीच में समझौता हुआ है। हमने उसके पश्चात देखा है कि चाहे किसान संगठन हो, चाहे प्रशासन दोनों ने मिलकर बातचीत कर रहे हैं। दोनों के बीच समन्वय हुआ। दोनों ने बातचीत करके कुछ निष्कर्ष निकाल लिया। मुख्यत: जो निष्कर्ष था वह एक निष्पक्ष जांच का था। पोस्टमार्टम पर किसी ने यदि सवाल नहीं उठाए, तो राहुल गांधी उसके विशेषज्ञ न होने के बावजूद भी उस पर भ्रम फैलाकर वातावरण को अशांत करने का प्रयास कर रहे हैं।”

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि गांधी परिवार का किसानों से कोई लेना देना नहीं। इस परिवार का व्यापारियों से, हिंदुस्तान के किसी वर्ग से कोई लेना-देना नहीं है। गांधी परिवार का केवल और केवल अपने परिवार से ही लेना-देना है। लखीमपुर खीरी में जो हुआ उसको एक राजनीतिक अवसर के रूप में देखना निंदनीय है। उल्लेखनीय है कि आज कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने केंद्र और उत्तर सरकार पर हमला करते हुए कहा कि लोकतंत्र खत्म हो चुका है। किसानों को लखीमपुर में कुचला गया है लेकिन अब तक केंद्रीय मंत्री पर कोई कार्रवाई नहीं की गयी।

Related Articles

Back to top button