adevertisment Adevertiisment banner

आज से तीन दिवसीय दौरे पर फिलीपींस जाएंगे विदेश मंत्री एस जयशंकर

नई दिल्ली। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर आज से तीन दिवसीय फिलीपींस दौरे पर रवाना होंगे। विदेश मंत्रालय ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि, एस जयशंकर दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से रविवार को फिलीपींस की तीन दिवसीय यात्रा पर जाएंगे। इस यात्रा के दौरान विदेश मंत्री दोनों देशों के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उनका ये दौरा 13 से 15 फरवरी तक चलेगा।दरअसल, विदेश मंत्री एस जयशंकर की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत ने फिलीपींस को 290 किलोमीटर की मारक क्षमता वाली ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों की आपूर्ति के लिए 375 मिलियन अमरीकी डालर के सौदे पर हस्ताक्षर किए हैं। विदेश मंत्री जयशंकर की फिलीपींस की यह पहली यात्रा है। जहां वह द्विपक्षीय संबंधों में विकास की समीक्षा को लेकर फिलीपींस के विदेश मामलों के सचिव तियोदोरो एल. लोक्सिन जूनियर के साथ मुलाकात करेंगे। नवंबर 2020 में द्विपक्षीय सहयोग पर आयोजित इस बैठक की दोनों नेताओं ने सह-अध्यक्षता की थी।विदेश मंत्री अपनी यात्रा के दौरान फिलीपींस में राजनीतिक नेतृत्व के साथ बैठक के अलावा मनीला में भारतीय समुदाय के साथ मुलाकात करेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस यात्रा पर आपसी हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। मंत्रालय ने कहा, इस यात्रा से हिंद-प्रशांत, आस्ट्रेलिया और फिलीपींस में हमारे प्रमुख भागीदारों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और गति मिलने की उम्मीद है। फिलीपींस दक्षिण पूर्वी एशियाई राष्ट्रों के संगठन आसियान का एक प्रमुख सदस्य देश भी है।इससे पहले मिसाइल फर्म के सीईओ अतुल डी राणे ने कहा कि, ब्रह्मोस के साथ सौदा भारत के लिए किसी विदेशी देश को पूर्ण प्रमुख हथियार प्रणाली की आपूर्ति करने वाला पहला सौदा था। उन्होंने कहा, यह पहला निर्यात सौदा है, जिस पर भारत ने एक पूर्ण प्रमुख हथियार प्रणाली के लिए हस्ताक्षर किए हैं, और यह कई और लोगों के आगे आने का मार्ग प्रशस्त करता है।

Related Articles

Back to top button