adevertisment Adevertiisment banner

जय प्रकाश निषाद राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गये

भाजपा उम्मीदवार जय प्रकाश निषाद उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए सोमवार को निर्विरोध चुन लिये गये। राज्य में सपा नेता बेनी प्रसाद वर्मा के निधन से रिक्त हुई राज्यसभा सीट पर भाजपा के निषाद को निर्विरोध चुना गया। 

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने बताया कि निषाद को निर्वाचन अधिकारी ने प्रमाण पत्र सौंपा। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। दीक्षित ने बताया कि निषाद का निर्विरोध चुना जाना तय था क्योंकि कोई दूसरा उम्मीदवार मैदान में नहीं था। 

बेनी प्रसाद वर्मा के निधन से खाली हुयी थी सीट 
राज्यसभा की यह सीट सपा के वरिष्ठ नेता बेनी प्रसाद वर्मा के निधन के कारण रिक्त हुई थी। वर्मा का कार्यकाल चार जुलाई 2022 तक था। बसपा की सरकार में राज्य मंत्री रहे निषाद दो साल पहले ही भाजपा में शामिल हुए थे। पार्टी ने पिछले सप्ताह मंगलवार को उन्हें राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित किया था। भाजपा प्रत्याशी की निर्विरोध जीत तय थी। प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 306 विधायक हैं। उसके बाद सपा के 48, बसपा के 18, अपना दल (सोनेलाल) के नौ, कांग्रेस के सात, सुलेहदेव भारतीय समाज पार्टी के चार, तीन निर्दलीय और राष्ट्रीय लोकदल तथा निर्बल इण्डियन शोषित हमारा आम दल के एक,एक विधायक हैं।

Related Articles

Back to top button