adevertisment Adevertiisment banner

सचिवालय के 24 कर्मचारी कोरोना संक्रमित

उत्तर प्रदेश विधानसभा का तीन दिवसीय मानसून सत्र बृहस्पतिवार से शुरू होगा। तीन दिवसीय सत्र बृहस्पतिवार से शुरू होकर सोमवार को समाप्त होगा। सत्र शुरू होने से तीन दिन पहले सोमवार से अब तक विशेष जांच अभियान में सचिवालय के 24 कर्मचारी कोविड-19 संक्रमित पाये गए हैं। 

पिछले दो सप्ताह में कोविड-19 की चपेट में आकर मंत्री कमल रानी वरूण और चेतन चौहान की मौत हो चुकी है। गाजियाबाद से विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अतुल गर्ग भी मंगलवार को कोरोना संक्रमित पाये गए हैं। उन्हें गाजियाबाद में भर्ती कराया गया है। गर्ग को गाजियाबाद के कौशांबी स्थित यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जाती है। 

एक-एक सीट छोड़ कर बैठेंगे विधायक 
विधानसभाध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने बताया कि कोविड-19 जांच की सुविधा विधायकों के निवास के पास करवा दी गई है ताकि उनकी जांच एक दिन में ही हो सकें। विधायकों के बैठने की व्यवस्था के बारे में बताते हुए दीक्षित ने बताया कि विधायक एक सीट छोड़ कर बैठेंगे। दर्शक दीर्घा भी इस बार विधायकों के लिए आरक्षित होगी। इस बार विधानसभा में कैंटीन जलपान गृह भी नहीं खुलेगा। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि 403 सदस्यीय विधानसभा में आने वाले सभी सदस्यों की थर्मल स्कैनिंग से जांच की जाएगी। इसके अलावा सभी विधायक मास्क भी पहनेंगे। अगर विधायक मास्क नहीं पहन कर आयेंगे तो उन्हें उपलब्ध कराए जायेंगे। इसी के साथ विधायकों से अनुरोध किया गया है कि सत्र के दिनों में वह अपने साथ सहवर्ती न लायें। उन्होंने कहा कि सभी पूर्व विधायको से अनुरोध किया गया है कि वह सत्र के दौरान विधानसभा न आएं।

Related Articles

Back to top button