adevertisment Adevertiisment banner

पीएम मोदी का राहुल पर तंज, कहा- सत्ता से बेदखल किए गए लोग वापसी के लिए कर रहे यात्रा

अहमदाबाद/सुरेंद्रनगर : चुनावी राज्य गुजरात दौरे के तीसरे दिन आज यानी सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुरेंद्रनगर में आयोजित एक जनसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों को सत्ता से बेदखल कर दिया गया है, वे अब सत्ता में आने के लिए यात्रा निकाल रहे हैं. उन्होंने अपने संबोधन में यह भी कहा कि कुछ लोग गुजरात में निर्मित नमक खाकर भी गुजरात को गाली देते हैं. उन्होंने कहा कि देश के कुल नमक उत्पादन का 80 प्रतिशत हिस्सा गुजरात में होता है. गौरतलब है कि राज्य में अगले महीने विधानसभा चुनाव होने हैं. इसी क्रम में पीएम मोदी ने पीएम मोदी और दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे.
पीएम मोदी ने कहा कि जिन लोगों को काफी समय पहले सत्ता से बेदखल कर दिया गया था, वे आज सत्ता में वापसी के लिए यात्रा निकाल रहे हैं. उन्होंने कहा कि वे ऐसा कर सकते हैं लेकिन वह ऐसे लोगों के साथ यात्रा कर रहे हैं, जिन्होंने गुजरात में नर्मदा बांध परियोजना को 40 सालों तक रोके रखा. प्रधानमंत्री का इशारा नर्मदा बचाओ आंदोलन की नेता रही मेधा पाटकर की ओर था. पाटकर हाल ही में राहुल गांधी की अगुवाई में जारी भारत बचाओ यात्रा में शामिल हुई थीं. प्रधानमंत्री ने कहा, “40 सालों तक नर्मदा बांध परियोजना को रोकने वालों को गुजरात की जनता सबक सिखाकर रहेगी.”
उन्होंने कहा कि गुजरात चुनाव में विकास पर चर्चा करने की बजाय विपक्षी कांग्रेस उन्हें ‘औकात’ बताने का दावा कर रही है. उन्होंने कहा, “पहले भी कांग्रेस ने मेरे लिए ‘मौत का सौदागर’, ‘नीच आदमी’ और ‘नाली का कीड़ा’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया है. अब चुनावों में विकास की बात ना करके कांग्रेस नेता मुझे औकात दिखा देने की बात करते हैं.” मोदी ने कहा कि उनकी कोई औकात नहीं हैं और सिर्फ एक जन सेवक हैं.
बता दें कि प्रधानमंत्री गुजरात में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘विजय संकल्प सम्मेलन’ के तहत कई कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे हैं, जिसकी शुरुआत उन्होंने शनिवार को वलसाड में एक रोड शो से की थी. प्रधानमंत्री ने रविवार को गुजरात के वेरावल, धोराजी, अमरेली और बोटाद में चार जनसभाओं को संबोधित किया था.
उन्होंने बाद में पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की थी. कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद मोदी ने ट्वीट किया था, ‘दिनभर के प्रचार अभियान के बाद कमलम में साथी कार्यकर्ताओं के बीच होना बहुत ही उत्साहजनक है.’ गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में एक और पांच दिसंबर को चुनाव होंगे, जबकि मतगणना आठ दिसंबर को की जाएगी.

Related Articles

Back to top button