adevertisment Adevertiisment banner

Varanasi News: काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा के लिए केंद्र को मिलेगी 4.19 एकड़ जमीन

Varanasi News: काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा के लिए योगी सरकार 4.19 एकड़ जमीन गृह मंत्रालय को अधिकतम 90 साल के निःशुल्क पट्टे पर देगी। जमीन का बाजार मूल्य 44.04 करोड़ रुपये है।

Varanasi News, काशी विश्वनाथ धाम सुरक्षा, काशी विश्वनाथ धाम सुरक्षा व्यवस्था, वाराणसी में केंद्रीय सुरक्षा बल, काशी विश्वनाथ धाम जमीन आवंटन, गृह मंत्रालय को 4.19 एकड़ जमीन, योगी सरकार का फैसला, काशी विश्वनाथ मंदिर सुरक्षा, 44.04 करोड़ की सरकारी जमीन

Varanasi News: श्री काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। वाराणसी में 4.19 एकड़ सरकारी जमीन केंद्रीय गृह मंत्रालय को निःशुल्क पट्टे पर आवंटित की जाएगी। इस जमीन का बाजार मूल्य करीब 44.04 करोड़ रुपये है। अधिकतम 90 वर्षों के लिए प्रस्तावित इस पट्टे से काशी विश्वनाथ धाम में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की स्थायी तैनाती का रास्ता साफ होगा।

सरकार के इस फैसले का उद्देश्य धाम की संवेदनशील सुरक्षा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा बलों की त्वरित उपलब्धता और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। भूमि आवंटन न्यायालय के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा।

केंद्रीय सुरक्षा बलों की स्थायी तैनाती का होगा इंतजाम

वाराणसी की तहसील सदर स्थित ग्राम किला कोहना और सरैताबाद में यह 4.19 एकड़ (1.697 हेक्टेयर) भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। इस पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की स्थायी तैनाती के लिए आवश्यक व्यवस्था विकसित की जा सकेगी। इससे किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षा बलों को तत्काल सक्रिय करने और प्रतिक्रिया का समय कम करने में मदद मिलेगी।

काशी विश्वनाथ धाम के पुनर्निर्माण के बाद यहां प्रतिदिन देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु, पर्यटक और विशिष्ट महानुभाव पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय बनाने की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसी के मद्देनजर केंद्र सरकार को भूमि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।

44.04 करोड़ रुपये है जमीन का बाजार मूल्य

प्रस्तावित भूमि का सर्किल रेट के अनुसार वर्तमान बाजार मूल्य करीब 44.04 करोड़ रुपये है। यह भूमि नॉन जेडए श्रेणी की है। इसे सरकारी संपत्ति के प्रबंधन से संबंधित (संशोधन) नियमावली, 2003 के विशेष प्रावधानों के तहत गृह मंत्रालय को आवंटित किया जाएगा।

पट्टा 30-30 वर्षों के नवीनीकरण के आधार पर अधिकतम 90 वर्षों के लिए निःशुल्क होगा। इस व्यवस्था के तहत भूमि का स्वामित्व उत्तर प्रदेश शासन के राजस्व विभाग के पास ही रहेगा।

सुरक्षा के निर्धारित उद्देश्य के लिए ही होगा इस्तेमाल

पट्टे की शर्तों के मुताबिक आवंटित भूमि पूर्णतः असंक्रमणीय होगी। इसका उपयोग केवल काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्धारित उद्देश्य के लिए किया जा सकेगा। भूमि का अन्य किसी कार्य में इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।

पट्टा विलेख का निष्पादन राज्यपाल की ओर से जिलाधिकारी वाराणसी करेंगे। सरकार के इस निर्णय से धाम की सुरक्षा व्यवस्था को संस्थागत आधार मिलने और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित एवं निर्बाध दर्शन सुनिश्चित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button