adevertisment Adevertiisment banner

BMW कार में खिलवा रहे थे IPL पर सट्टा, मैच में लगाए 6.40 करोड़ रुपए

रायपुर। छत्तीसगढ़ की रायपुर पुलिस अवैध नशे के खिलाफ तो अभियान तेज कर ही दिया है. अब वह सटोरियों और जुआरियों को भी दबोच रही है. राजधानी में पंडरी पुलिस और साइबर सेल की टीम ने तीन हाई प्रोफाइल सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है. आरोपी महंगी बीएमडब्ल्यू कार में घूम-घूमकर आईपीएल क्रिकेट मैच (IPL) में सट्टा संचालित कर रहे थे. पुलिस ने तीन हाई प्रोफाइल सटोरियों को बीते मंगलवार की शाम को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की कार को भी जब्त किया गया है. आरोपियों का कनेक्शन तलाशने उनसे पूछताछ की जा रही है.

रायपुर पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में किशन अग्रवाल, विकास अग्रवाल और राहुल अग्रवाल शामिल हैं. किशन अग्रवाल पकड़े जाने के भय से इंटरनेशनल मोबाइल नम्बर का उपयोग करता था. विकास और राहुल इसी लाइन का उपयोग किया करते थे. इनमें से आरोपी राहुल भाठापारा का रहने वाला है. विकास और राहुल किशन अग्रवाल की आईडी से लाइन लेकर हैदराबाद और राजस्थान के बीच खेले गए मैच में सट्टा खिलवा रहे थे. पुलिस ने तीनों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है.

54 लाख की कार में सट्टा
पुलिस के मुताबिक आरोपी बीएमडब्ल्यू सहित एक अन्य कार में सट्टा संचालित कर रहे थे. इसकी सूचना पुलिस को मुखबिर से मिली थी, जिसके बाद ट्रैप कर दलदल सिवनी के पास कार को रुकवाया गया. कार में सवार लोगों से पूछताछ करने पर उन्होंने सट्टा संचालित करना स्वीकार किया. आरोपियों के पास से पुलिस ने 11 हजार 500 रुपये की नगदी साथ 54 लाख रुपयों की कीमत की एक बीएमडब्ल्यू और करीब 7 लाख रुपयों की कीमत वाली स्विफ्ट कार को जब्त किया है. इतना ही नहीं इनके द्वारा बनाये गए आईडी में कुल 6 करोड़ 40 लाख रुपए हैं, जिसे फ्रीज्ड कराया जा रहा है. पुलिस सट्टाबाजों के तार देश के बड़े बुकी से जुड़े होने की आशंका जता रही है.

Related Articles

Back to top button