adevertisment Adevertiisment banner

बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे : मुख्यमंत्री

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग से नव चयनित जिला समाज कल्याण अधिकारी और अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को अपने सरकारी आवास से नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा, शासन की मंशा है कि बिना भेदभाव के शासन की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। जिसमें ये दोनों विभाग अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। अल्पसंख्यक कल्याण व समाज कल्याण विभाग सेवा के माध्यम हैं। ये समाज के अंतिम पायदान पर बैठे हुए व्यक्ति तक शासन की योजनाओं को पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि समाज कल्याण विभाग से निराश्रित महिला पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन योजना समेत अनेक योजनाएं संचालित हैं। इस विभाग से जुड़ी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से अब तक लगभग पौने दो लाख बालिकाओं की शादी संपन्न हुई है। वंचित और असहाय महसूस करने वाले समाज को नेतृत्व देना व शासन की योजनाओं के साथ जोड़ने का कार्य करना किसी सौभाग्य से कम नहीं है इसलिए आज का यह दिन नवचयनित अधिकारियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

योगी ने कहा कि प्रदेश के किसी भी प्रतिभावान छात्र-छात्रा को मिलने वाले उचित स्थान से कोई वंचित नहीं कर पाएगा। प्रदेश की समस्त नियुक्तियों में पूरी ईमानदारी व पारदर्शिता अपनाई जा रही है। मुझे अभी तीन नवचयनित अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने समाज कल्याण विभाग की तरफ से संचालित कोचिंग सेंटर से मदद ली और आज उसी विभाग में उन्हें सेवा करने का अवसर मिल रहा है। उनके मन में विश्वास है, समाज के प्रति एक आस्था का भाव है।

इन अधिकारियों को समाज के उस तबके के साथ संवाद बनाना है, जिसके लिए बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के मन में एक पीड़ा थी, जिसके लिए उन्होंने संविधान में एक विशेष प्रावधान करके उस समाज को नेतृत्व देने का कार्य किया था। इस अवसर पर अल्पसंख्यक मंत्री मोहसिन रजा, समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री, अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल समेत अनेक विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button