adevertisment Adevertiisment banner

भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई के लिये सरकार के सामने हाथ नहीं जोड़ूंगा : वरूण गांधी

पीलीभीत। अपनी ही पार्टी की सरकार से खफा दिख रहे भाजपा सांसद वरुण गांधी ने कहा कि वह भ्रष्टाचार में लिप्त अफसरों पर कार्रवाई के लिये योगी सरकार के सामने हाथ नहीं जोड़ेंगे बल्कि ऐसे अधिकारियों को गिरफ्तार कराने के लिये अदालत की मदद लेंगे। अपने संसदीय क्षेत्र पीलीभीत में दो दिवसीय दौरे पर आये वरूण शुक्रवार मंडी समिति में निरीक्षण करने गये थे। उन्होंने कहा कि किसान अव्यवस्थाओं के कारण बिचौलियों से अपने अनाज बेचने के लिए मजबूर हो रहा है। निरीक्षण के बीच उन्होंने वहां उपस्तिथ प्रभारी डिप्टी आरएमओ ज्ञान चंद वर्मा व मंडी कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा अगर किसानों के साथ अत्याचार हुआ तो वह अब सरकार के आगे हाथ पांव नहीं जोड़ेंगे, सीधे कोर्ट जाएंगे और सबको गिरफ्तार करवाएंगे।

इस दौरान उन्होंने बरेली की एक मंडी में एक सरकारी अधिकारी से बात करते हुए एक वीडियो भी पोस्ट किया। वीडियो में वरुण गांधी कहते हैं, ‘आप अच्छी तरह जानते हैं कि कुछ दिन पहले एक किसान ने अपनी धान की फसल में खुद आग लगा दी थी। पीलीभीत में भी ऐसा हुआ और 17 जिलों में ऐसा हो चुका है कि किसान खुद अपनी धान में आग लगा रहा है। यह पूरे उत्तर प्रदेश के लिए राष्ट्र और दुनिया में शर्म का विषय बन चुका है। आप इस समय अच्छी तरह जानते हैं कि किसान कितना कष्ट में हैं। महंगाई का सामना एक इंसान के रूप में आप भी कर रहे हैं। आप देख रहे हैं कि फर्टिलाइजर्स की कमी है राष्ट्र में। आप देख रहे हैं कि किस तरीके से प्राकृतिक आपदा का शिकार हुआ है किसान, अभी-अभी। उत्तराखंड से पानी छोड़ा गया, यहां बाढ़ आई- बारिश आई।’

वह आगे कहते हैं, ‘आप लोग हर काम में झूठा कारण ढूंढते हो, कभी कहते हो नमी है, कभी कहते हो टूटन है, कभी आप कहते हो कि कालापन है और आप उसे रिजेक्ट करते हो। वैसे ही किसान इस समय मरने के कगार पर है, और वो क्या करता है फिर.. आप उसे भेजते हो अपने मित्रों के पास जो बाहर खड़े रहते हैं। ये सब आपके राइस मिलर्स, सब बिचौलिया.. जितने लोग हैं, उन्हीं को 11-12 सौ में बेचते हैं और वहीं आपके पास आकर 1940 में बेच रहे हैं। सब नेक्सस पूरे देश में दिख रहा है। आप क्यों बद्दुआ लेना चाहते हैं करोड़ों लोगों की, जो वैसे ही टूटे हुए लोग हैं।’

आगे मंडी कर्मचारियों को चेतावनी भरे लहजे में वरुण कहेत हैं, ‘मैं आप लोगों को इस समय चेताने आया हूं कि मेरा एक प्रतिनिधि हर मुख्य क्रय केंद्र में आज के बाद रहेगा और जो रिकार्ड करेगा हर चीज को। ये साक्ष्य इकट्ठा करेंगे और अगर पता चला कि यहां कोई भ्रष्टाचार है, ढिलाई है या क्रूरता है किसानों के प्रति तो मैं सरकार के सामने हाथ नहीं जोडूंगा, मैं सीधे कोर्ट जाऊंगा और आप सबको गिरफ्तार करवाऊंगा।’

Related Articles

Back to top button