adevertisment Adevertiisment banner

सिएरा लियोन में बड़ा हादसा: ईंधन टैंकर में भीषण विस्फोट, 94 लोगों की मौत

फ्रीटाउन। अफ्रीकी देश सिएरा लियोन में एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां तेल टैंकर में भीषण विस्फोट हो गया। जिसके चलते कम से कम 92 लोगों की मौत हो गई है। जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। ये घटना देश की राजधानी फ्रीटाउन में हुई है। घटना उस वक्त हुई, जब 40 फीट लंबा तेल टैंकर किसी दूसरे वाहन से टकरा गया। इसके बाद इसमें भीषण विस्फोट हुआ। जिसने पूरे इलाके में तबाही मचा दी। घटना का एक वीडियो भी स्थानीय मीडिया ने जारी किया है, जिसमें टैंकर के आसपास लोगों के शव बिखरे दिख रहे हैं।

यहां के मेयर यवोन अकी-सॉयर ने वीडियो फुटेज को देखने के बाद घटना को ‘भयावह’ बताया है। उन्होंने ये भी कहा कि कितना नुकसान हुआ है, ये अभी बता पाना मुश्किल है। एक फेसबुक पोस्ट में मेयर ने कहा कि एक अफवाह है कि 100 से अधिक लोगों ने अपनी जान गंवाई है। हालांकि मौत का आधिकारिक आंकड़ा जारी करते हुए एक अधिकारी ने 94 लोगों की मौत की खबर दी है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य शुरू हो गया है। घायल हुए लोगों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब विस्फोट हुआ, उस समय स्थानीय लोग लीक हो रहे ईंधन को लेने की कोशिश कर रहे थे। माना जा रहा है कि विस्फोट शहर के वेलिंगटन क्षेत्र में व्यस्त रहने वाले सुपरमार्केट के बाहर हुआ है। सिएरा लियोन की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रमुख ब्रिमा ब्यूरेह सेसे ने स्थानीय मीडिया को बताया कि यह ‘एक भयानक दुर्घटना’ है। इस तटीय शहर में दस लाख से अधिक लोग रहते हैं. जिन्होंने हाल के वर्षों में कई गंभीर आपदाओं का सामना किया है।

Related Articles

Back to top button