adevertisment Adevertiisment banner

प्राइमरी स्कूलों के अनुदेशकों व रसोइयों को दिया नए साल का उपहार, बढ़ा मानदेय

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत रसोइया और अल्पकालिक अनुदेशकों को नए साल पर मानदेय बढ़ोतरी का उपहार मिल गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अंशकालिक अनुदेशकों का 2000 रुपये और रसोइयों का 500 प्रति माह मानदेय बढ़ाने का ऐलान किया है। अब अनुदेशकों को 9000 रुपये और रसोइयों को 2000 रुपये मानदेय मिलेगा। इसका लाभ प्रदेश के चार लाख रसोइया और अंशकालिक अनुदेशकों को मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अटल कंवेंशन सेंटर में संवाद समारोह में कहा कि रसोइयों को वर्ष में दो साड़ियां और पांच लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा योजना का भी लाभ दिलाया जाएगा। इसके अलावा उन्हें एप्रिन और हेड कैप भी मुहैया कराएंगे। रसोइयों के बैंक में खाते खुलवाए जाएंगे और उसी में साड़ी आदि का धन भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना महामारी के विकट दौर में अन्य राज्यों की सरकारों ने कर्मचारियों के वेतन और मानदेय में बड़े पैमाने पर कटौती की है, जबकि उत्तर प्रदेश में सभी की सेवाएं सुरक्षित रखते हुए मानदेय बढ़ाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button