adevertisment Adevertiisment banner

निकाय चुनाव 2023: झांसी में केशव मौर्य ने दिया नारा- टिकट चाहें जिसे मिले, कमल का फूल खिले

झांसी। उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव के तहत झांसी से महापौर उम्मीदवार बिहारी लाल आर्य के लिए व्यापक जनसमर्थन जुटाने सोमवार को यहां आये उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लोगों से बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए एक नारा दिया “ टिकट चाहें जिसे मिले, कमल का फूल खिले”।

यहां गौड़ बाबा मंदिर मैदान में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए श्री मौर्य ने कहा “मेरा सौभाग्य है कि लगभग हर चुनाव में शुरूआत करने के लिए मुझे झांसी बुलाया जाता है और जब भी मैंने आप लोगों से अपनी पार्टी के लिए समर्थन मांगा है तो अपने मेरी झोली कभी खाली नहीं रखी बल्कि भर भर कर समर्थन दिया है।”

मेयर पद के भाजपा उम्मीदवार बिहारी लाल आर्य के झांसी के बाहर मऊरानीपुर तहसील के होने को लेकर उठ रहे विरोध को शांत करने और पार्टी के पक्ष में चुनावी माहौल तैयार करते हुए उपमुख्यमंत्री ने मंच से कहा “हो सकता है कि प्रत्याशी में कहीं कोई कमी रह गयी होगी, लेकिन सारी कमियों को भूलकर हमारा नारा रहता है “टिकट चाहें जिसे मिले, कमल का फूल खिले”। मैं आज आपसे हाथ जोड़कर निवेदन कर रहा हूं कि टिकट चाहें जिसे मिला है 13 मई को झांसी सहित प्रदेश भर के 17 के 17 नगर निगम भारी संख्या में पार्षदों के साथ जीतने जा रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि प्रदेश में नगर निकाय चुनाव समय से कराने के लिए भाजपा लगातार प्रयास कर रही थी, लेकिन समाजवादी पार्टी ने चुनाव समय से न हो पाने की पूरी कवायद की। उन्होंने अपने ही एक नेता के रिश्तेदार की मदद से उच्च न्यायालय में एक रिट याचिका दायर कर दी। सपा नहीं चाहती थी कि निकाय चुनाव में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को 27 प्रतिशत आरक्षण मिले ।

उच्च न्यायालय ने भी बिना आरक्षण के ही चुनाव कराने का आदेश दे दिया, लेकिन प्रदेश की सरकार ने विपक्ष की पूरी रणनीति को फेल करते हुए 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण के साथ ही निकाय चुनाव कराये जा रहे हैं। भाजपा इन विपक्षी दलों सपा-बसपा और कांग्रेेस को पीछे छोड़ तेजी से आगे बढ़ रही है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा, “ 13 मई को सपा, बसपा और कांग्रेस सभी मैदान में उतरे हैं। मैं जनता से अनुरोध करता हूं कि इस मतदान के दिन बड़ी संख्या में भाजपा के पक्ष में मतदान कर हमें एक बार फिर आर्शीवाद दें ताकि हम आगे भी अपनी योजनाओं के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभांवित कर सकें।”

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की भ्रष्टाचार मुक्त,रोजगार, अपराध की रोकथाम सहित अनेकों परियोजनाओं का लाभ जनसामान्य को मिला है । सपा अपराधियों को लाने वाले और बसपा भ्रष्टाचार को बढ़ाने वाली पार्टी है जबकि भाजपा ने माफियाओं की कमर तोड़ दी है और प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त कराने का काम किया है।

इस दौरान मेयर पद के उम्मीदवार बिहारी लाल आर्य के साथ-साथ सांसद अनुराग शर्मा, झांसी सदर विधायक रवि शर्मा, बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, नगर निकाय चुनाव प्रभारी बेबी रानी मौर्य ,निवर्तमान महापौर रामतीर्थ सिंघल सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। सभा के समाप्त होने पर सभी नेता प्रचार वाहन पर सवार हुए और रैली निकाली गयी। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रैली में हिस्साा लिया।

Related Articles

Back to top button