adevertisment Adevertiisment banner

ऑपरेशन कावेरी : सूडान में फंसे भारतीयों के 10वें जत्थे को सुरक्षित निकाला गया

लखनऊ। भारत ने हिंसा ग्रस्त सूडान से अपने नागरिकों के 10वें जत्थे को सुरक्षापूर्वक बाहर निकाल लिया है। उन्हें सूडान पोर्ट से सऊदी के शहर जेद्दा लाया गया है। विदेश मंत्रालय का कहना है कि नई दिल्ली ने संघर्षग्रस्त अफ्रीकी देश में ऑपरेशन कावेरी जारी रखा है। सूडान की सेना और अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फोर्स के बीच चल रहे सशस्त्र संघर्ष के बीच इस बचाव अभियान के तहत भारत सूडान में फंसे अपने लोगों को निकाल रहा है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया ‘ऑपरेशन कावेरी जारी है। भारतीय वायुसेना के C-130J फ्लाइट में 135 यात्रियों के साथ 10वां जत्था पोर्ट सूडान से जेद्दा के लिए रवाना हुआ। इससे पहले एक ट्वीट में उन्होंने लिखा आईएनएस तरकश ने ऑपरेशन कावेरी के प्रयासों को बल दिया। भारतीयों का 9वां जत्था पोर्ट सूडान से 326 यात्रियों को लेकर जेद्दा के लिए रवाना हुआ है।

भारत ने जेद्दाह में एक ट्रांजिट फैसिलिटी स्थापित की है और विदेश राज्य मंत्री (MoS) वी मुरलीधरन सऊदी अरब शहर से निकासी मिशन की देखरेख कर रहे हैं। विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने शुक्रवार को भारतीय दूतावास के अधिकारियों के परिवार के सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए एक ट्विटर पोस्ट शेयर किया जो 121 बचाए गए भारतीयों के 8वें बैच का हिस्सा थे।

उन्होंने ट्विट किया एक साहसी रेस्क्यू अभियान। 121 भारतीयों का 8वां जत्था वाडी सीदना, सूडान से IAF C 130 J द्वारा जेद्दा पहुंचा। यह निकासी अधिक जटिल थी, क्योंकि वाडी सीदना सूडान की राजधानी खार्तूम के आसपास है। हमारे दूतावास के अधिकारियों के परिवार के सदस्य भी इस समूह का हिस्सा थे। उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
(रिपोर्ट: शाश्वत तिवारी)

Related Articles

Back to top button