Sonbhadra News: गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया, रॉबर्ट्सगंज गुरुद्वारा में हुआ भव्य आयोजन
Sonbhadra News: सिक्खों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी* का प्रकाश पर्व रॉबर्ट्सगंज स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में अत्यंत श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रागी जत्था राजिंदर सिंह लखनऊ वाले एवं सुरजन सिंह ने गुरुवाणी कीर्तन से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन कमलेश सिंह ने किया, जिन्होंने गुरु नानक देव जी के उपदेशों को याद दिलाते हुए कहा- “ना कोई हिन्दू, ना कोई मुसलमान, सब इंसान हैं।” यह संदेश मानवता, समानता और प्रेम का प्रतीक है।
पृथ्वीपाल सिंह ने गुरु जी के तीन प्रमुख उपदेशों-
किरत करो: ईमानदारी और मेहनत से जीवन यापन करो
नाम जपो: सच्चे ईश्वर का सिमरण और भजन करो
वंड छको: अपनी कमाई और खुशी जरूरतमंदों के साथ बाँटो
-पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला।
Sonbhadra News: सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ा रही है जनपदीय यातायात पुलिस: डॉ चारू द्विवेदी
व्यापार मंडल अध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने मानवता को ही सबसे बड़ा धर्म बताया, और हमें उनके बताये मार्ग पर चलना चाहिए।
अरदास उपरांत गुरु का अटूट लंगर चलाया गया। दोपहर 3 बजे शोभायात्रा निकाली गई, जो महिला थाना, स्वर्णजयंती चौक और सीतला मंदिर चौक से होते हुए गुरुद्वारा वापस पहुँची। शोभायात्रा में मिर्जापुर की गतका पार्टी ने अद्भुत कौशल दिखाया और आतिशबाजी ने उत्सव में चार चांद लगाए।
गुरुनानक बालिका कॉलेज* की छात्राओं ने “बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयकारे लगाए। कार्यक्रम में विधायक भूपेश चौबे, रूबी अशोक मिश्रा और सुशील पाठक समेत कई गणमान्य लोगों ने उपस्थिति दर्ज की और गुरु नानक देव जी के जीवन पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अजीत सिंह (गुरुद्वारा प्रबंधक अध्यक्ष), देवेंद्र सिंह, मनजीत सिंह, परमजीत सिंह, बलविंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह, त्रिलोक सिंह, गोल्डी, बलकार सिंह* समेत कई श्रद्धालुओं व महिलाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



