adevertisment Adevertiisment banner

Yogi Adityanath: हर जिले की कला को मिलेगी नई पहचान, यूपी में शुरू होगी ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट’ पहल

Yogi Adityanath: योगी ने संस्कृति विभाग को दिए निर्देश, स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मंच

Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश की पारंपरिक कला, संगीत और लोक संस्कृति को नई पहचान दिलाने के लिए योगी सरकार अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट’ कार्यक्रम को आगे बढ़ाने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) और वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन (ओडीओसी) की तर्ज पर प्रदेश के प्रत्येक जिले की विशिष्ट कला को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया है। उन्होंने संस्कृति विभाग और विभिन्न अकादमियों को निर्देश दिया कि इस पहल को प्राथमिकता देते हुए स्थानीय कलाकारों को उचित मंच उपलब्ध कराया जाए।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को लखनऊ के गोमती नगर स्थित संत गाडगेजी महाराज प्रेक्षागृह में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के 63वें स्थापना दिवस पर आयोजित ‘धरोहर’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और पारंपरिक संगीत के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही अकादमी में मानव संसाधन की कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश भी दिए।

लोक कलाओं में सुरक्षित है देश की सांस्कृतिक पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संस्कृति को नष्ट कर देश को स्थायी रूप से गुलाम बनाने के अनेक प्रयास किए गए, लेकिन हमारी सनातन संस्कृति और लोक कलाओं ने विपरीत परिस्थितियों में भी देश की सांस्कृतिक आत्मा को जीवित रखा। दुनिया की कई संस्कृतियां समय के साथ समाप्त हो गईं, लेकिन भारत की सांस्कृतिक परंपराएं तमाम चुनौतियों के बावजूद कायम रहीं।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी देश की अनेक लोक कलाओं और पारंपरिक वाद्ययंत्रों को अपेक्षित महत्व नहीं मिल सका। संस्कृति की उपेक्षा का मतलब केवल किसी कला का लुप्त होना नहीं है, बल्कि इससे हमारी पहचान और इतिहास के महत्वपूर्ण अध्याय भी प्रभावित होते हैं। लोक परंपराओं ने पीढ़ी दर पीढ़ी भारतीय समाज के सांस्कृतिक आत्मसम्मान को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है।

ओडीओपी की सफलता से मिली नई पहल की प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट कार्यक्रम आज देश और दुनिया में अपनी पहचान बना चुका है। प्रदेश का निर्यात दो लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया है। इसी प्रकार वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन योजना में भी व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।

उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के हर जिले की विशिष्ट कला को पहचान दिलाने के लिए ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट’ को आगे बढ़ाया जाना चाहिए। इसके तहत स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को सामने लाने, पारंपरिक विधाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें प्रदर्शन के अवसर उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने संस्कृति विभाग और सभी संबंधित अकादमियों को इस दिशा में प्राथमिकता के आधार पर काम करने को कहा।

आधुनिक तकनीक अपनाएं, लेकिन सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहें युवा

युवा कलाकारों को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तकनीक के इस दौर में युवाओं को डिजिटल माध्यमों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का भरपूर उपयोग करना चाहिए। नए प्रयोगों के जरिए वे अपनी प्रतिभा को देश-दुनिया तक पहुंचा सकते हैं, लेकिन ऐसा करते समय अपनी मिट्टी की सुगंध, लोक संगीत, गुरु की सीख और सांस्कृतिक विरासत को नहीं भूलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि तकनीक का उद्देश्य जीवन को सरल बनाना है, न कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों और पारंपरिक संबंधों से दूरी पैदा करना। युवाओं को आधुनिकता के साथ अपनी विरासत का भी सम्मान करना चाहिए।

अकादमी के रिक्त पद जल्द भरने के निर्देश

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने संगीत नाटक अकादमी के कलाकारों की ओर से प्रस्तुत लुप्तप्राय वाद्ययंत्रों के प्रदर्शन की सराहना की। विचित्र वीणा, सारंगी और पखावज जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों की प्रस्तुतियों को देखकर उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास हमारी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति भरोसा जगाते हैं।

मुख्यमंत्री ने अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात को निर्देश दिया कि अकादमी में कर्मचारियों और मानव संसाधन की कमी को तत्काल दूर किया जाए। इसके लिए बोर्ड या कमेटी गठित कर चयन प्रक्रिया पूरी करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि आवश्यकता पड़ने पर आयु सीमा में छूट देने पर विचार किया जाए, लेकिन पद खाली नहीं रहने चाहिए।

शिव के डमरू से कृष्ण की बांसुरी तक संगीत की परंपरा

भारतीय संगीत की आध्यात्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि परमात्मा की आराधना का मार्ग भी है। भगवान शिव के डमरू से माहेश्वर सूत्रों की उत्पत्ति और योगेश्वर श्रीकृष्ण की बांसुरी तथा मां सरस्वती की वीणा भारतीय संगीत परंपरा के आध्यात्मिक पक्ष को दर्शाती हैं।

उन्होंने लखनऊ, बनारस, आगरा और रामपुर घरानों के योगदान को याद करते हुए पंडित बिरजू महाराज, लच्छू महाराज, गिरिजा देवी और बेगम अख्तर जैसी विभूतियों को नमन किया। मुख्यमंत्री ने ब्रज की रासलीला, पूर्वांचल के बिरहा और बुंदेलखंड के आल्हा जैसी लोक विधाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये परंपराएं गुरु-शिष्य परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ भारतीय संस्कृति को जीवंत बनाए हुए हैं।

अकादमी पुरस्कारों की राशि बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी

उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष प्रोफेसर जयंत खोत ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए अकादमी की स्थापना और अब तक की यात्रा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अकादमी की स्थापना 13 नवंबर 1963 को हुई थी। तब से यह संस्था संगीत, नृत्य, नाटक और लोक कलाओं के प्रचार-प्रसार तथा संरक्षण के लिए काम कर रही है।

प्रोफेसर खोत ने अकादमी और कथक केंद्र के कर्मचारियों की सुविधाओं में सुधार तथा रिक्त पदों को भरने की जरूरत भी बताई। उन्होंने अकादमी पुरस्कारों की राशि बढ़ाने के प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार जताया। उनके अनुसार, इस फैसले से प्रदेश के कलाकारों में उत्साह है।

प्रदर्शनी, फिल्म और पारंपरिक वाद्ययंत्रों ने बांधा समां

स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस अवसर पर राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ। कार्यक्रम में संगीत नाटक अकादमी के 63 वर्षों के सफर पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई। मुख्यमंत्री ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों की विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया। राज्य कला संग्रहालय और ललित कला अकादमी की ओर से विशेष प्रदर्शनी के साथ रंगोली भी सजाई गई थी।

प्रतियोगिता के विजेताओं ने विभिन्न वाद्ययंत्रों पर अपनी प्रस्तुतियां दीं। शिवांश सिंह ने विचित्र वीणा, अंशुल तुकवार ने सारंगी, सोहम मिश्र ने तबला, वैभव रामदास ने पखावज और अथर्व प्रताप सिंह ने बांसुरी बजाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

समारोह में अकादमी के अध्यक्ष प्रोफेसर जयंत खोत, उपाध्यक्ष विभा सिंह और अपर मुख्य सचिव संस्कृति अमृत अभिजात ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

कला और संस्कृति जगत की कई हस्तियां रहीं मौजूद

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, लोकगायिका मालिनी अवस्थी, भारतेन्दु नाट्य अकादमी के अध्यक्ष रवि शंकर त्रिपाठी, राज्य ललित कला अकादमी के उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र मिश्र, बिरजू महाराज कथक संस्थान की उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी, कुमकुम धर, संगीत नाटक अकादमी के निदेशक राजकुमार और जैन विद्या शोध संस्थान के उपाध्यक्ष अभय जैन सहित कला एवं संस्कृति जगत से जुड़ी कई हस्तियां उपस्थित रहीं।

‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट’ की पहल के जरिए सरकार का जोर प्रदेश की स्थानीय कलाओं को पहचान दिलाने, कलाकारों को अवसर देने और पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने पर रहेगा।

Related Articles

Back to top button