adevertisment Adevertiisment banner

CHINESE-MANJHA-चाइनीज मांझे के साथ एक आरोपित गिरफ्तार

CHINESE-MANJHA-मकर संक्रांति से पूर्व शहर में प्रतिबंधित चीनी मांझे की अवैध बिक्री पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। बारादरी थाना पुलिस ने सोमवार को रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज के पास एक आरोपित को बोरी में खतरनाक चीनी मांझा ले जाते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से करीब साढ़े 12 किलो चाइनीज मांझा बरामद किया गया है।

बारादरी कोतवाली प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि चीनी मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है और इसके निर्माण, बिक्री व उपयोग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश हैं। उन्होंने कहा कि “मकर संक्रांति को देखते हुए पतंगबाजी बढ़ जाती है, ऐसे में कुछ लोग मुनाफे के लालच में जानलेवा चीनी मांझा बेचने लगते हैं। इसी क्रम में आज फैसल निवासी काकर टोला मोहल्ले को चाइनीज मांझे के साथ पकड़ा गया है। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि बरामद किया गया पूरा चीनी मांझा उसी ने तैयार किया था और वह मकर संक्रांति से पहले इसे बाजार में बेचने की फिराक में था। आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि चीनी मांझे से शहर में लगातार गंभीर हादसे हो रहे हैं। बीते महीनों में बाइक सवारों, स्कूटी सवार महिलाओं और राहगीरों की गर्दन व हाथ कटने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ मामलों में लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं।

बरेली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे न तो चीनी मांझे का इस्तेमाल करें और न ही इसकी खरीद-फरोख्त करें। यदि कहीं भी इसकी अवैध बिक्री की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

CHINESE-MANJHA-Read Also-लेखा परीक्षा निदेशालय पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप, ऑडिट के नाम पर कर्मचारियों का उत्पीड़न और उगाही

Related Articles

Back to top button