Indian Army का बड़ा ऑपरेशन: किश्तवाड़ में 7 आतंकी ढेर, 10 लाख का इनामी सैफुल्लाह मारा गया
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भारतीय सेना के 326 दिन लंबे हाई-एल्टीट्यूड ऑपरेशन में 7 आतंकी ढेर। 10 लाख का इनामी पाकिस्तानी आतंकी सैफुल्लाह मारा गया, जैश-ए-मोहम्मद को बड़ा झटका।
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षा बलों ने लंबे समय तक चले हाई-एल्टीट्यूड ऑपरेशन में बड़ी सफलता हासिल की है। भारतीय सेना की White Knight Corps (16 कोर) ने सोमवार को जानकारी दी कि 326 दिनों तक चले अभियान में सात खतरनाक आतंकवादियों को मार गिराया गया।
सेना के मुताबिक यह ऑपरेशन दुर्गम पहाड़ी इलाकों में कड़ाके की ठंड, बारिश और बर्फबारी के बीच लगातार चलाया गया। खुफिया एजेंसियों से मिली सटीक सूचना के आधार पर व्हाइट नाइट कोर, जम्मू-कश्मीर पुलिस और Central Reserve Police Force (CRPF) की संयुक्त टीम ने किश्तवाड़ के चटरू क्षेत्र में आतंकियों को घेरकर ढेर किया।
10 लाख का इनामी पाकिस्तानी आतंकी सैफुल्लाह ढेर
मारे गए आतंकियों में 10 लाख रुपये का इनामी कमांडर सैफुल्लाह के शामिल होने की आशंका है। सुरक्षा एजेंसियां उसकी पहचान की पुष्टि कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार, सैफुल्लाह का संबंध आतंकी संगठन Jaish-e-Mohammed से बताया जा रहा है। यदि इसकी पुष्टि होती है तो यह जैश के नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जाएगा।
हाई-टेक टेक्नोलॉजी से ऑपरेशन को मिली धार
सेना ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान एफपीवी ड्रोन, सैटेलाइट इमेजरी, आरपीए/यूएवी और अत्याधुनिक संचार उपकरणों का व्यापक उपयोग किया गया। लगातार निगरानी और सटीक ट्रैकिंग के चलते आतंकियों को छिपने का मौका नहीं मिला।
इससे पहले भी ‘ऑपरेशन त्रासी-1’ के तहत तीन आतंकियों को मार गिराया गया था। सेना ने मारे गए आतंकवादियों के हथियार और अवशेष बरामद कर लिए हैं।
आतंक नेटवर्क पर बड़ा प्रहार
पिछले एक वर्ष में किश्तवाड़ के घने जंगलों में संयुक्त बलों और जैश आतंकियों के बीच एक दर्जन से अधिक मुठभेड़ें हुई थीं। आतंकी किश्तवाड़, डोडा, कठुआ और उधमपुर जिलों के बीच लगातार लोकेशन बदलते रहे, लेकिन सुरक्षा बलों ने उनका पीछा जारी रखा।
भारतीय सेना ने कहा कि क्षेत्र की स्थिरता को कमजोर करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। यह ऑपरेशन आतंकवादी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।



