UP News : होली पर 1.86 करोड़ परिवारों को तोहफा: योगी आदित्यनाथ ने उज्ज्वला लाभार्थियों को जारी किए ₹1500 करोड़
UP News : होली से पहले यूपी के 1.86 करोड़ परिवारों को बड़ा तोहफा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने उज्ज्वला योजना के तहत ₹1500 करोड़ की गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी जारी की। महिला सशक्तिकरण और निवेश पर भी दिया जोर।
UP News : होली पर्व से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने 1.86 करोड़ गरीब परिवारों को बड़ा उपहार दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के रूप में ₹1500 करोड़ की धनराशि जारी की। इस दौरान उन्होंने 10 महिला लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक भी सौंपे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में गरीब, किसान, महिलाओं और युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। होली और दीपावली पर प्रत्येक पात्र परिवार को एक-एक निःशुल्क सिलेंडर रिफिल की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रदेश में उज्ज्वला योजना के तहत 1.86 करोड़ परिवार लाभान्वित हो चुके हैं, जबकि देशभर में 10 करोड़ से अधिक कनेक्शन दिए जा चुके हैं। प्रत्येक रिफिल पर ₹335 की सब्सिडी सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजी जाती है।
‘सबका साथ-सबका विकास’ सरकार का मंत्र
सीएम योगी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार का लक्ष्य समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 15 करोड़ लोगों को आज भी मुफ्त राशन की सुविधा मिल रही है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध है। 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों और शिक्षकों-शिक्षामित्रों को भी इस दायरे में लाया गया है।
निवेश से युवाओं को मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और जर्मनी, जापान, सिंगापुर सहित कई देशों से निवेश आ रहा है। इससे प्रदेश के युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा। सरकार योग्य युवाओं को विदेशों में रोजगार दिलाने के लिए भी गारंटी आधारित तंत्र विकसित कर रही है।
महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर
सरकार ने ‘लखपति दीदी’, शी-मार्ट और महिला स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं लागू की हैं। महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड योजना के तहत गारंटी मुक्त और ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 14 वर्ष तक की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर रोकथाम वैक्सीनेशन अभियान शुरू किया गया है। पहले 2100 रुपये की वैक्सीन अब 300 रुपये में उपलब्ध कराई जा रही है और आगे इसे निःशुल्क करने की योजना है।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बेटियों के विवाह के लिए एक लाख रुपये की सहायता दी जा रही है। महिला श्रम बल की भागीदारी 13 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।
आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं को राहत
सरकार ने आंगनबाड़ी और आशा वर्करों के मानदेय में वृद्धि का निर्णय लिया है। राशन दुकानों को मॉडल शॉप के रूप में विकसित करने और ई-पॉस मशीनों के जरिए पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में भी काम हो रहा है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



