Petrol Diesel Price : ‘7000 पेट्रोल पंपों पर महंगा हुआ ईंधन’, पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर बढ़ा, जानिए वजह
Petrol Diesel Price : नायरा एनर्जी ने देश के करीब 7000 पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर महंगा कर दिया है। जानिए किन राज्यों में बढ़े दाम और क्या है इसकी वजह।
Petrol Diesel Price : देश में बढ़ती वैश्विक तेल कीमतों के बीच निजी क्षेत्र की कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया है।
हालांकि यह बढ़ोतरी देशभर के सभी पेट्रोल पंपों पर लागू नहीं हुई है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, देश के कुल 1,02,075 पेट्रोल पंपों में से करीब 6,967 पंपों पर ही नए दाम लागू किए गए हैं। कंपनी ने यह फैसला कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से पड़ रहे लागत दबाव को कम करने के लिए लिया है।
सूत्रों के अनुसार, अलग-अलग राज्यों में वैट (VAT) और अन्य स्थानीय करों के चलते कीमतों में अंतर देखने को मिल रहा है। कुछ इलाकों में पेट्रोल की कीमत 5.30 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ी है।
नायरा एनर्जी के पेट्रोल पंप देश के कई हिस्सों में फैले हुए हैं। पश्चिम भारत के गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान में इसकी मजबूत मौजूदगी है, जबकि दक्षिण भारत के कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और तेलंगाना में भी इसके पंप हैं। उत्तर भारत में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में भी कंपनी सक्रिय है।
इन कंपनियों ने नहीं बढ़ाए दाम
जहां नायरा एनर्जी ने कीमतों में इजाफा किया है, वहीं अन्य कंपनियों ने अभी तक दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। रिलायंस और बीपी के जॉइंट वेंचर जियो-बीपी ने नुकसान के बावजूद कीमतें स्थिर रखी हैं।
इसके अलावा सरकारी तेल कंपनियां – इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम ने भी फिलहाल कीमतों में कोई वृद्धि नहीं की है।
अप्रैल 2022 से स्थिर थीं कीमतें
गौरतलब है कि वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव के बावजूद भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतें अप्रैल 2022 से लगभग स्थिर बनी हुई थीं।
हाल ही में अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर सैन्य कार्रवाई के बाद कच्चे तेल की कीमतों में करीब 50% तक उछाल आया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल इस महीने 119 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था, जो फिलहाल घटकर करीब 100 डॉलर प्रति बैरल के आसपास है।
सिर्फ नायरा एनर्जी ने ही क्यों बढ़ाए दाम?
विशेषज्ञों के मुताबिक, निजी कंपनियों को कीमतें स्थिर रखने पर होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए सरकार से कोई मुआवजा नहीं मिलता है, जबकि सरकारी कंपनियों को आंशिक समर्थन मिल जाता है। यही वजह है कि नायरा एनर्जी ने लागत संतुलन के लिए कीमतें बढ़ाने का फैसला किया।



