IPL Latest Update: चेन्नई सुपर किंग्स की परेशानियां IPL 2026 में कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। टीम पहले ही खराब प्रदर्शन और खिलाड़ियों की चोट से जूझ रही थी,अब युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे के चोटिल होने से टीम को एक और बड़ा झटका लगा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले के दौरान CSK की पारी के पांचवें ओवर में आयुष म्हात्रे की हैमस्ट्रिंग खिंच गई थी। चोट लगने के बाद वह मैदान पर असहज नजर आए और कुछ समय के लिए बैठ भी गए। फिजियो की जांच के बाद उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखने की कोशिश की, लेकिन जल्द ही आउट हो गए।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण आयुष म्हात्रे को करीब तीन हफ्ते तक मैदान से बाहर रहना पड़ सकता है। इसका मतलब है कि वह मई के दूसरे सप्ताह तक टीम का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। इस दौरान CSK को कई अहम मुकाबले खेलने हैं, ऐसे में उनका बाहर होना टीम के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।
IPL 2026 में आयुष म्हात्रे शानदार लय में नजर आ रहे थे। शुरुआती मैच में शून्य पर आउट होने के बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए एक मैच में 73 रन की अहम पारी खेली थी। इसके अलावा उन्होंने अन्य मुकाबलों में भी उपयोगी रन बनाए थे, जिससे टीम को मजबूती मिल रही थी।
Also Read: Ramanand Sagar Ramayan: रामायण के भरत बने संजय जोग की कहानी! किसान से स्टार बनने तक का सफर
चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन इस सीजन में अब तक संतोषजनक नहीं रहा है। टीम ने छह मैचों में से केवल दो में जीत हासिल की है, जबकि चार मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। अंक तालिका में टीम फिलहाल निचले स्थानों पर बनी हुई है।
ऐसे में आयुष म्हात्रे की चोट ने टीम की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। आने वाले मुकाबलों में यह देखना दिलचस्प होगा कि CSK इस चुनौती से कैसे निपटती है और टीम संयोजन में क्या बदलाव किए जाते हैं।
Written By: Kalpana Pandey