UP Government Projects: खिलाड़ियों के सपनों को मिलेगा पंख! यूपी के 5 जिलों में बन रहे नए स्टेडियम
यूपी में खेल अवसंरचना को मिलेगी नई रफ्तार, 5 नए स्टेडियमों से खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा सहारा
UP Government Projects: योगी आदित्यनाथ की सरकार प्रदेश में खेल सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के पांच जिलों में नए स्पोर्ट्स स्टेडियमों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपने ही जिलों में आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
प्रदेश में वर्तमान समय में 71 जिलों में कुल 84 स्पोर्ट्स स्टेडियम संचालित हैं, जबकि पांच नए स्टेडियमों का निर्माण अलग-अलग चरणों में चल रहा है। जिन जिलों में नए स्टेडियम बनाए जा रहे हैं, उनमें गाजीपुर, चंदौली, हापुड़, संभल और शामली शामिल हैं। इन स्टेडियमों के तैयार होने से क्षेत्रीय स्तर पर खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच मिल सकेगा।
निर्माण कार्य की प्रगति पर नजर डालें तो गाजीपुर में नया स्टेडियम लगभग पूरी तरह तैयार हो चुका है और अंतिम औपचारिकताएं शेष हैं। वहीं हापुड़ में निर्माण कार्य का बड़ा हिस्सा पूरा हो चुका है, जबकि संभल और शामली में निर्माण कार्य विभिन्न चरणों में जारी है। चंदौली में स्टेडियम निर्माण के लिए फिलहाल टेंडर प्रक्रिया जारी है। संबंधित विभाग का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने और औपचारिक हस्तांतरण के बाद ही इनका लोकार्पण किया जाएगा।
सरकार का उद्देश्य केवल स्टेडियम बनाना ही नहीं, बल्कि उन्हें आधुनिक सुविधाओं से लैस करना भी है। इन स्टेडियमों में मल्टीपर्पज हॉल, स्विमिंग पूल, बैडमिंटन और टेनिस कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट, जिम, हॉकी और फुटबॉल मैदान के साथ एथलेटिक्स ट्रैक जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन मिलेंगे और उनकी प्रतिभा को निखारने में मदद मिलेगी।
Also Read: नई दिल्ली। जयशंकर ने भारत-अफ्रीका फोरम समिट का लोगो लॉन्च किया
खेल विभाग के अधिकारियों का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश के खिलाड़ियों को अपने जिले में ही उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिल सकेगा। इससे वे राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे और उत्तर प्रदेश का नाम खेल जगत में और ऊंचा कर पाएंगे।
Written By: Kalpana Pandey



