Political News: कांग्रेस का लक्ष्य सत्ता पाना नहीं, देश में अराजकता फैलाना है : सुधांशु त्रिवेदी
Political News: The Congress's goal is not to attain power, but to spread chaos in the country: Sudhanshu Trivedi
Political News:भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं बल्कि देश में अराजकता का माहौल पैदा करना है। चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों को भ्रामक प्रचार बताते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस वैधानिक प्रक्रियाओं पर सवाल खड़े कर संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास कमजोर करने का प्रयास कर रही है।
भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत शुक्रवार को रायपुर पहुंचे डॉ. त्रिवेदी प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि, भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और वैश्विक स्तर पर लोकतंत्र के प्रमुख आधार स्तंभ के रूप में स्थापित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक और राजनीतिक रूप से मजबूत हो रहा है, लेकिन देश की यह प्रगति कुछ शक्तियों को रास नहीं आ रही है।
चुनाव आयोग से जुड़े विवाद पर उन्होंने कहा कि, मतदाता सूची तैयार होने के बाद आपत्ति दर्ज कराने के लिए कई स्तरों पर अवसर दिया जाता है। पहले जिला स्तर पर, फिर राज्य और अंत में केंद्रीय चुनाव आयोग के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। कांग्रेस ने यदि इन प्रक्रियाओं के दौरान आपत्ति नहीं की तो उसे अपने बूथ लेवल एजेंट, जिला अध्यक्षों और प्रदेश इकाई से सवाल पूछना चाहिए। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज को लेकर कांग्रेस से पूछा कि जिन चुनावों को हुए अभी 45 दिन नहीं हुए हैं, वहां पार्टी फुटेज मांगने के लिए आवेदन क्यों नहीं कर रही है?
डॉ. त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पिछले कई वर्षों से राफेल, सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट, ऑपरेशन सिंदूर और अर्थव्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों पर भ्रम फैलाती रही है। उन्होंने एलआईसी, एसबीआई और एचएएल का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस ने इन संस्थानों को लेकर भी नकारात्मक प्रचार किया, जबकि आज ये संस्थान बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
राहुल गांधी के प्रस्तावित आंदोलन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान दिल्ली के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र में आंदोलन से कारोबार प्रभावित हो सकता है। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस किन शक्तियों से प्रेरित होकर ऐसे कदम उठा रही है?
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर भारत की धर्म-संस्कृति के प्रति नकारात्मक रवैया रखने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास न तो कोई सकारात्मक विकास मॉडल है और न ही स्पष्ट राजनीतिक दिशा। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के कामकाज का उल्लेख करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व की सराहना की और कहा कि भाजपा विकास के एजेंडे पर आगे बढ़ रही है।
उन्होंने दावा किया कि देश में अराजकता फैलाने के कांग्रेस के प्रयास सफल नहीं होंगे और जनता का समर्थन भाजपा एवं एनडीए के साथ है।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय, वरिष्ठ नेता शिवरतन शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन, सांसद संतोष पांडेय और प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



