Heatwave India 2026: गर्मी से हाहाकार… बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल टाइम बदला गया, कई राज्यों में छुट्टियों का ऐलान

Heatwave India 2026: भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान ने एक बार फिर जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। उत्तर भारत से लेकर मध्य और पूर्वी भारत तक कई राज्यों में लू और हीटवेव के कारण बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है, वहीं कुछ जगहों पर समय से पहले गर्मी की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए स्कूलों के समय में संशोधन किया है। आदेश के अनुसार 27 अप्रैल से 26 मई तक प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक के स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेंगे, जबकि कक्षा 6 से 12 तक की कक्षाओं का समय 12:30 बजे तक रहेगा। प्रशासन ने यह कदम बच्चों को लू और गर्मी से बचाने के लिए उठाया है।

उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। बेसिक शिक्षा परिषद ने राज्य के सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों (कक्षा 1 से 8) का समय बदलकर सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक कर दिया है। गाजियाबाद में भी इसी तरह का आदेश लागू किया गया है, जहां नर्सरी से कक्षा 8 तक के स्कूल अब नए समय के अनुसार संचालित होंगे।

बिहार में भी कई जिलों जैसे पटना, गया और औरंगाबाद में कक्षा 5 तक के स्कूलों का समय घटाकर दोपहर 12:30 बजे तक कर दिया गया है, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह समय और कम रखा गया है ताकि बच्चों को दोपहर की तेज धूप से बचाया जा सके।

Also Read: Sonbhadra News-आईजी विंध्याचल आर.पी. सिंह ने की अपराध व कानून-व्यवस्था की समीक्षा, होमगार्ड परीक्षा को लेकर सख्त निर्देश

इसी बीच छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और ओडिशा में गर्मी की तीव्रता को देखते हुए समय से पहले ही स्कूलों की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। छत्तीसगढ़ में 20 अप्रैल से, ओडिशा में 27 अप्रैल से और मध्य प्रदेश में 1 मई से गर्मी की छुट्टियां शुरू हो रही हैं। लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए आने वाले दिनों में और भी राज्यों में ऐसे फैसले देखने को मिल सकते हैं।

Written By: Kalpana Pandey

Related Articles

Back to top button