Delhi Weather Update: दिल्ली में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

Delhi Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार रात मौसम ने अचानक करवट ली, जहां तेज बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी देखने को मिली। बदलते मौसम को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस अलर्ट का मतलब है कि आने वाले घंटों में मौसम और खराब हो सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के कई हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। इसके साथ ही बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ गिरने या यातायात बाधित होने जैसी समस्याएं खड़ी हो सकती हैं।

जिन इलाकों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है, उनमें कश्मीरी गेट, इंडिया गेट, अक्षरधाम, सफदरजंग, नेहरू स्टेडियम, डिफेंस कॉलोनी और लाजपत नगर शामिल हैं। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं और भारी बारिश का खतरा ज्यादा बताया गया है।

इसके अलावा दिल्ली के कई अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। बुराड़ी, मॉडल टाउन, दिल्ली यूनिवर्सिटी, पटेल नगर, वसंत विहार, आर के पुरम, वसंत कुंज, हौज खास, मालवीय नगर, कालकाजी, महरौली, तुगलकाबाद, छतरपुर, इग्नू और आयानगर जैसे इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

Delhi Weather Update; Also Read-  West Bengal Election Results ने बदली सियासत, ममता बनर्जी पर बढ़ा संवैधानिक दबाव

दिल्ली के साथ-साथ राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के इलाकों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। गाजियाबाद, इंदिरापुरम, लोनी देहात और हिंडन एयरफोर्स स्टेशन जैसे क्षेत्रों में मध्यम बारिश और आंधी की संभावना है। वहीं नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मानेसर और बल्लभगढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है।

IMD ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान घर के अंदर रहने की हिदायत दी गई है, खासकर जब बिजली कड़क रही हो। खुले स्थानों से दूर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की भी अपील की गई है, क्योंकि तेज हवाएं और बारिश यातायात को प्रभावित कर सकती हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ घंटों तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम से जुड़े अपडेट पर नजर बनाए रखने की जरूरत है।

Related Articles

Back to top button