Sports Update: IPL 2026 में BCCI की सख्ती! अब टीम होटल और बस में नहीं चलेगी मनमानी, गर्लफ्रेंड कल्चर पर बड़ा एक्शन संभव
टीम होटल और बसों में अनधिकृत लोगों की एंट्री पर BCCI सख्त, खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजियों के लिए नई गाइडलाइन जल्द
Sports Update: आईपीएल 2026 के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजियों के लिए बड़े और सख्त नियम लागू करने की तैयारी में है। टीम होटलों, डगआउट और टीम बसों में अनधिकृत लोगों की मौजूदगी को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद बोर्ड ने कड़ा रुख अपना लिया है।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने साफ संकेत दिए हैं कि जल्द ही नई एडवाइजरी जारी की जाएगी, जिसमें खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ, टीम अधिकारियों और फ्रेंचाइजी मालिकों के लिए सख्त दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे।
टीम होटल और बसों में अनधिकृत लोगों की एंट्री पर रोक
बीसीसीआई सचिव ने कहा कि इस सीजन कई ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जहां अनधिकृत लोग टीम सदस्यों के साथ यात्रा करते और टीम होटलों में प्रवेश करते देखे गए। कुछ लोग खिलाड़ियों और अधिकारियों के कमरों तक पहुंच रहे हैं, जो एंटी करप्शन प्रोटोकॉल के खिलाफ माना जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बोर्ड इस तरह की गतिविधियों को गंभीरता से ले रहा है और जल्द ही सख्त एडवाइजरी लागू की जाएगी। माना जा रहा है कि इस कदम का असर खिलाड़ियों की निजी जिंदगी पर भी पड़ सकता है, खासतौर पर उन मामलों में जहां खिलाड़ी अपनी गर्लफ्रेंड या सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स के साथ टीम होटल में देखे जाते रहे हैं।
‘गर्लफ्रेंड कल्चर’ पर BCCI की नजर
सूत्रों के मुताबिक, बीसीसीआई आईपीएल में बढ़ते “गर्लफ्रेंड कल्चर” से भी चिंतित है। पिछले कुछ समय में कई खिलाड़ी अपनी गर्लफ्रेंड्स और करीबी लोगों के साथ टीम परिसर और होटल में खुले तौर पर नजर आए हैं।
हालांकि बोर्ड को खिलाड़ियों की पत्नी या परिवार के अन्य सदस्यों की मौजूदगी से कोई आपत्ति नहीं बताई जा रही, लेकिन अनधिकृत लोगों और निजी संबंधों के कारण टीम प्रोटोकॉल टूटने पर बीसीसीआई सख्ती के मूड में है।
Sports-Cricket-पहली बार महिला टी-20 विश्व कप खेलेगा नीदरलैंड, बाबेट डी लिडे होंगी कप्तान
कई स्टार खिलाड़ी रडार पर!
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल और ईशान किशन समेत कुछ खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजी अधिकारियों की गतिविधियां बोर्ड की नजर में हैं। हालांकि BCCI ने आधिकारिक रूप से किसी खिलाड़ी का नाम नहीं लिया है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जैसे सख्त नियम लागू करने की तैयारी
भारतीय टीम के अंतरराष्ट्रीय दौरों पर पहले से ही खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए कड़े नियम लागू हैं। लेकिन आईपीएल में फ्रेंचाइजियों को अधिक स्वतंत्रता मिलने के कारण कई बार नियमों का पालन ढीला पड़ जाता है।
अब माना जा रहा है कि BCCI आईपीएल में भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जैसी अनुशासन व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रहा है, ताकि टूर्नामेंट की छवि और एंटी करप्शन सिस्टम सुरक्षित रह सके।
अगर नई एडवाइजरी लागू होती है, तो आने वाले समय में खिलाड़ियों, टीम मालिकों और फ्रेंचाइजी स्टाफ की गतिविधियों पर पहले से कहीं ज्यादा निगरानी देखने को मिल सकती है।
Written By: Anushri Yadav



