PM Modi-Balen Shah Meeting: पीएम मोदी और नेपाल के पीएम बालेन शाह की आज होगी मुलाकात, अयोध्या-जनकपुर रेल लिंक का करेंगे उद्घाटन
PM Modi-Balen Shah Meeting: पीएम नरेंद्र मोदी और नेपाल के पीएम बालेन शाह की आज द्विपक्षीय वार्ता होगी। अयोध्या-जनकपुर रेल लिंक समेत कई परियोजनाओं के उद्घाटन और नए समझौतों की उम्मीद।

PM Modi-Balen Shah Meeting: भारत और नेपाल के रिश्तों को नई ऊंचाई देने के लिए सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह (बालेन शाह) के बीच अहम द्विपक्षीय वार्ता होगी। इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने, आर्थिक साझेदारी मजबूत करने और कनेक्टिविटी परियोजनाओं को गति देने पर चर्चा होगी। बैठक के दौरान अयोध्या-जनकपुर रेल संपर्क परियोजना समेत भारत की मदद से पूरी हुई कई विकास और ऊर्जा परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन किए जाने की भी संभावना है।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार को अपनी पहली भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की। जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा कि भारत नेपाल के साथ अपनी विशेष मित्रता को महत्व देता है। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, पारगमन, ऊर्जा, कनेक्टिविटी, संस्कृति, शिक्षा और लोगों के बीच आपसी संपर्क जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
भारत-नेपाल संबंधों को मिलेगी नई दिशा
36 वर्षीय बालेन शाह की यह पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। वर्ष 2025 में नेपाल में जेन-जी आंदोलन के बाद केपी शर्मा ओली सरकार के सत्ता से हटने और नई राजनीतिक व्यवस्था बनने के बाद यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा देने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह की बैठक में जलविद्युत, रेलवे, बुनियादी ढांचे, तकनीक, जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन और विकास सहयोग जैसे विषय प्रमुख रहेंगे। दोनों देश कई नए समझौतों और भविष्य की साझेदारी से जुड़े प्रस्तावों को अंतिम रूप दे सकते हैं।
नेपाल ने मांगा दो अरब डॉलर का आर्थिक पैकेज
नेपाल की ओर से भारत से दो अरब डॉलर के आर्थिक पैकेज की मांग भी की गई है। इसमें एक अरब डॉलर अनुदान और सहायता के रूप में मांगे गए हैं। इसका उद्देश्य अगस्त में भोटे कोशी क्षेत्र में आई बाढ़ से प्रभावित इलाकों का पुनर्निर्माण करना है। इसके अलावा नेपाल ने काठमांडू-महेन्द्रनगर हवाई मार्ग को दोनों दिशाओं में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए खोलने का अनुरोध किया है।
बालेन शाह के साथ 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। इसमें विदेश मंत्री शिशिर खानाल, वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। यात्रा के दौरान नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का भी आयोजन होगा, जिसमें नेपाल भारत से निवेश बढ़ाने पर जोर देगा।
भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक, पारगमन और निवेश साझेदार है। नेपाल के कुल निर्यात का करीब 80 प्रतिशत भारत को जाता है। दोनों देशों के बीच खुले बॉर्डर, सांस्कृतिक संबंध और आपसी विश्वास की मजबूत साझेदारी है। ऐसे में मोदी और बालेन शाह की बैठक को द्विपक्षीय रिश्तों के भविष्य के लिहाज से अहम माना जा रहा है।



