CII Summit 2026 : यूपी को बुलेट ट्रेन की रफ्तार से आगे बढ़ाने का संकल्प, सीआईआई समिट में सीएम योगी का संबोधन
CII Summit 2026 : सीआईआई समिट में सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी को बुलेट ट्रेन की रफ्तार से आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। जानें निवेश, एमएसएमई और विकास योजनाओं पर उनका संबोधन।
CII Summit 2026 : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई दिल्ली में आयोजित सीआईआई वार्षिक बिजनेस समिट-2026 में उत्तर प्रदेश के आर्थिक और औद्योगिक परिवर्तन की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान प्रदेश की बुनियादी चुनौतियों को दूर कर अब डबल इंजन सरकार को यूपी को बुलेट ट्रेन की गति से विकास की दिशा में आगे बढ़ाना है।
सीएम योगी ने कहा कि किसी भी देश की प्रगति उसकी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता और उद्योगों की मजबूती पर निर्भर करती है। उन्होंने उद्यमिता, निवेश और रोजगार सृजन को विकास का मुख्य आधार बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश की पहचान कानून-व्यवस्था की चुनौतियों, दंगों और उद्योगों के पलायन से जुड़ी थी, लेकिन अब उत्तर प्रदेश सुरक्षा, कनेक्टिविटी और स्पष्ट औद्योगिक नीतियों के कारण निवेश का प्रमुख केंद्र बन रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां सक्रिय हैं, जो करोड़ों युवाओं को रोजगार दे रही हैं। वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान मिली है। साथ ही लैंड बैंक और उद्योग-अनुकूल नीतियों से बड़े निवेश आकर्षित किए जा रहे हैं।
सुरक्षा के वातावरण के बिना विकास संभव नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा के वातावरण के बिना विकास संभव नहीं है। सरकार ने रूल ऑफ लॉ लागू कर निवेशकों और नागरिकों के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित किया है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष उत्तर प्रदेश में 156 करोड़ से अधिक पर्यटक आए, जिससे प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को नई पहचान मिली है।
सीएम योगी ने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश जल्द ही देश की अर्थव्यवस्था का प्रमुख ग्रोथ इंजन बनकर उभरेगा।



