Indian Railway : पाली से दिल्ली तक रेल कनेक्टिविटी मजबूत, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जालोर–दिल्ली उद्घाटन स्पेशल ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
Indian Railway : रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पाली मारवाड़ से जालोर–दिल्ली उद्घाटन स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। साथ ही भुज–दिल्ली–भुज प्रतिदिन एक्सप्रेस सेवा शुरू करने की घोषणा की गई।
Indian Railway : राजस्थान में रेल नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए Ashwini Vaishnaw ने पाली मारवाड़ रेलवे स्टेशन से जालोर–दिल्ली उद्घाटन स्पेशल रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
रेल मंत्री ने कहा कि पाली और आसपास के क्षेत्रों के लोगों की लंबे समय से बेहतर रेल संपर्क की मांग थी, जिसे अब नई रेल सेवा के जरिए पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन सेवा से पाली क्षेत्र का संपर्क देश की राजधानी दिल्ली और राज्य की राजधानी जयपुर से और अधिक मजबूत होगा। इससे यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि राजस्थान में इस समय 76,800 करोड़ रुपये से अधिक के रेलवे विकास कार्य चल रहे हैं। अमृत स्टेशन योजना के तहत राज्य के 85 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। पाली मारवाड़, सोजत रोड, फालना, सोमेसर और मारवाड़ जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर भी तेजी से काम जारी है।
रेल मंत्री ने कहा कि जयपुर, जोधपुर, अजमेर, कोटा, आबूरोड, जैसलमेर और पाली मारवाड़ जैसे प्रमुख स्टेशनों का पुनर्विकास स्थानीय कला और संस्कृति को ध्यान में रखकर किया जा रहा है, जिससे ये स्टेशन भविष्य में पर्यटन आकर्षण के केंद्र बनेंगे।
उन्होंने राजस्थान में चल रही प्रमुख रेलवे परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। इनमें तारंगा हिल–आबू रोड और मारवाड़–मावली गेज परिवर्तन परियोजना शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद राज्य में नई रेल सेवाओं के संचालन का रास्ता आसान होगा।
रेल मंत्री ने जानकारी दी कि कोविड काल के बाद राजस्थान को 46 जोड़ी नई ट्रेनों की सौगात मिली है, जिनमें वंदे भारत, अमृत भारत और कई नई एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं।
कार्यक्रम में P. P. Chaudhary ने रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पाली क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो रही है। इस दौरान Madan Rathore, Lumba Ram Choudhary समेत कई जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी मौजूद रहे।
भुज–दिल्ली प्रतिदिन एक्सप्रेस सेवा शुरू
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने भुज–दिल्ली–भुज प्रतिदिन एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू करने का भी ऐलान किया है। गाड़ी संख्या 19403 भुज–दिल्ली एक्सप्रेस 23 मई 2026 से भुज से सुबह 11:15 बजे रवाना होकर अगले दिन 11:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
वहीं, गाड़ी संख्या 19404 दिल्ली–भुज एक्सप्रेस 24 मई 2026 से दिल्ली से शाम 4:40 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 7:35 बजे भुज पहुंचेगी।
यह ट्रेन अंजार, गांधीधाम, भीलड़ी, जालौर, समदड़ी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, जयपुर, अलवर और रेवाड़ी समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी। ट्रेन में कुल 18 एलएचबी कोच लगाए गए हैं, जिनमें एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के डिब्बे शामिल हैं।



