UP News : जेवर एयरपोर्ट के लिए 110 इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी, CM योगी ने 15 जून से पहले ट्रांसपोर्ट व्यवस्था मजबूत करने के दिए निर्देश
UP News : CM योगी आदित्यनाथ ने जेवर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी के लिए 110 इलेक्ट्रिक बसें चलाने और 15 जून से पहले सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। एक्सप्रेसवे, डिफेंस कॉरिडोर और सीड पार्क परियोजनाओं में तेजी लाने पर जोर।
UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के लिए बड़े निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक यात्रियों के आवागमन के लिए शुरुआती चरण में 110 इलेक्ट्रिक बसों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही 15 जून से पहले सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने यह निर्देश स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन की चौथी बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। बैठक में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में 500 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की प्रगति की समीक्षा की गई।
यूपी में तेजी से बढ़ रहा इलेक्ट्रिक वाहन नेटवर्क
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश में फिलहाल करीब 15.5 लाख इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत हैं। राज्य सरकार ने वर्ष 2030 तक 10 हजार चार्जिंग स्टेशन विकसित करने का लक्ष्य तय किया है। वर्तमान में प्रदेश में लगभग 2500 चार्जिंग स्टेशन संचालित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को तेजी से बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य की परिवहन जरूरतों को आसानी से पूरा किया जा सके।
एक्सप्रेसवे परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से प्रदेश में औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार को नई गति मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण और विनिमय से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के लिए 55% भूमि अधिग्रहण पूरा हो चुका है। आगरा-लखनऊ-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे, जेवर लिंक एक्सप्रेसवे और झांसी लिंक एक्सप्रेसवे के लिए जून अंत तक भूमि अधिग्रहण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मेरठ-हरिद्वार एक्सप्रेसवे का एलाइनमेंट स्वीकृत हो चुका है और भूमि अधिग्रहण की तैयारी जारी है
डिफेंस कॉरिडोर और टेक्सटाइल पार्क को मिलेगी रफ्तार
मुख्यमंत्री ने डिफेंस कॉरिडोर परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उत्तर प्रदेश को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने पर जोर दिया। बैठक में जानकारी दी गई कि अलीगढ़ डिफेंस नोड में आइकॉन्स हिंदुस्तान एयरोस्पेस एंड डिफेंस सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड ने 125 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है।
इसके अलावा लखनऊ में प्रस्तावित सीड पार्क और टेक्सटाइल पार्क परियोजनाओं को भी तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। सरकार इन परियोजनाओं को कृषि और औद्योगिक विकास से जोड़कर रोजगार के नए अवसर तैयार करना चाहती है।
जेवर एयरपोर्ट के पास बनेगा एग्री एक्सपोर्ट हब
बैठक में जेवर एयरपोर्ट के निकट प्रस्तावित एग्रीकल्चर एक्सपोर्ट हब और उन्नाव की एक्वा ब्रिज परियोजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि एग्री एक्सपोर्ट हब के लिए 50 एकड़ भूमि की जरूरत है, जिसमें से 29 एकड़ भूमि चिन्हित की जा चुकी है।
वहीं उन्नाव में एक्वा ब्रिज परियोजना के तहत फिश प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और निर्यात संबंधी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
‘सीएम समीक्षा’ परियोजनाओं की होगी विशेष मॉनिटरिंग
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सीएम समीक्षा’ में शामिल परियोजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सेल गठित कर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी।



