adevertisment Adevertiisment banner

UP Election 2027: यूपी में 2027 चुनाव से पहले NDA में सीटों का हिसाब-किताब शुरू, दिल्ली में होगी अहम बैठक

UP Election 2027: बीजेपी संबंधित सीटों पर जीत की संभावनाओं का आकलन कराने के लिए सर्वे करा रही है

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में सीटों के बंटवारे को लेकर गतिविधियां तेज होने लगी हैं। भारतीय जनता पार्टी ने अपने सहयोगी दलों की राजनीतिक स्थिति और चुनावी दावेदारी का आकलन शुरू कर दिया है। इसी सिलसिले में दिसंबर में दिल्ली में गठबंधन के प्रमुख नेताओं की बैठक प्रस्तावित बताई जा रही है। इस बैठक में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा), निषाद पार्टी, अपना दल (एस) और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) की मांगों पर विचार हो सकता है।

सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी ने सहयोगी दलों से उन विधानसभा क्षेत्रों की जानकारी मांगी है, जहां उनका सामाजिक आधार और पारंपरिक वोट बैंक चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकता है। चर्चा है कि सुभासपा अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर तथा निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने अपनी-अपनी सीटों की मांग से जुड़ी सूची बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व को सौंप दी है। वहीं, रालोद भी गठबंधन में करीब 30 सीटों की हिस्सेदारी चाहती है। अपना दल (एस) ने फिलहाल अपनी मांग सार्वजनिक नहीं की है।

राजभर ने 38 तो संजय निषाद ने मांगी 36 सीटें

सीटों की दावेदारी में सुभासपा और निषाद पार्टी की मांग चर्चा में है। सूत्रों के अनुसार, ओम प्रकाश राजभर पूर्वांचल में पिछड़े वर्गों के बीच अपनी पार्टी के प्रभाव को आधार बनाकर अधिक सीटें चाहते हैं। उनकी पार्टी की ओर से बीजेपी के सामने 38 विधानसभा सीटों की मांग रखे जाने की बात सामने आई है।

इसी तरह निषाद पार्टी के अध्यक्ष और मंत्री संजय निषाद ने अपने समाज की आबादी तथा उन क्षेत्रों में पार्टी की राजनीतिक पकड़ का हवाला देते हुए 36 सीटों पर दावा किया है। बीजेपी इन दोनों दलों से उन विधानसभा क्षेत्रों का ब्योरा मांग रही है, जहां उनके समर्थक मतदाता गठबंधन के उम्मीदवार की जीत में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी संबंधित सीटों पर चुनावी संभावनाओं का आकलन करने के लिए सर्वे भी करा रही है। पार्टी का जोर इस बात पर है कि सहयोगियों की मांग के साथ-साथ संबंधित क्षेत्रों में उनकी वास्तविक राजनीतिक ताकत का भी मूल्यांकन किया जाए।

अपना दल (एस) और RLD की भी बढ़ी दावेदारी

सीटों के बंटवारे में अपना दल (एस) भी अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की कोशिश कर सकता है। पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल कुर्मी बहुल क्षेत्रों में संगठन के प्रभाव और पिछले विधानसभा चुनाव के प्रदर्शन को आधार बनाकर अधिक सीटों की मांग रख सकती हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक सीटों की संख्या सार्वजनिक नहीं की गई है।

वहीं, राष्ट्रीय लोकदल भी एनडीए में अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर सक्रिय है। सूत्रों के अनुसार, रालोद करीब 30 सीटों पर चुनाव लड़ने की दावेदारी कर रही है। गौरतलब है कि 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था। बाद में सपा से अलग होकर वह एनडीए में शामिल हो गई।

अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष के स्तर पर हो सकता है फैसला

सूत्रों के अनुसार, दिसंबर में दिल्ली में प्रस्तावित बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहयोगी दलों के नेताओं के साथ सीटों के बंटवारे पर चर्चा कर सकते हैं। इस दौरान अलग-अलग दलों की मांगों और उनके चुनावी आधार पर विचार होने की संभावना है।

सीटों का फैसला करते समय केवल सहयोगी दलों की ओर से पेश की गई मांगों को ही आधार नहीं बनाया जाएगा। पिछले विधानसभा चुनाव में प्रदर्शन, जातीय समीकरण, संबंधित क्षेत्र में संगठन की स्थिति और उम्मीदवार की जीत की संभावनाओं को भी महत्व दिया जा सकता है। बीजेपी सहयोगी दलों की दावेदारी का आकलन इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है।

2022 के विधानसभा चुनाव का प्रदर्शन भी बनेगा आधार

आगामी चुनाव में सीटों के बंटवारे की चर्चा के बीच 2022 के विधानसभा चुनाव के नतीजे भी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। उस चुनाव में सुभासपा ने 17 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और छह सीटों पर जीत हासिल की थी।

निषाद पार्टी ने 16 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 11 पर जीत दर्ज की थी। इन 11 विजयी उम्मीदवारों में पांच बीजेपी के चुनाव चिह्न पर और छह निषाद पार्टी के सिंबल पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे।

दूसरी ओर, अपना दल (एस) ने 18 सीटों पर चुनाव लड़कर 13 पर जीत हासिल की थी। रालोद ने उस समय सपा के साथ गठबंधन में 35 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और नौ सीटों पर जीत दर्ज की थी। बाद में पार्टी ने गठबंधन बदलकर एनडीए का साथ पकड़ लिया।

अब 2027 के चुनाव से पहले बीजेपी के सामने सहयोगी दलों की मांगों और चुनावी समीकरणों के बीच संतुलन बनाने की चुनौती होगी। दिसंबर में प्रस्तावित दिल्ली बैठक में होने वाली चर्चा से सीट बंटवारे की दिशा को लेकर तस्वीर कुछ साफ हो सकती है। हालांकि, फिलहाल किसी भी दल के लिए सीटों की अंतिम संख्या पर आधिकारिक सहमति सामने नहीं आई है।

Related Articles

Back to top button