Delhi Saket Building Collapse : दिल्ली के साकेत में गिरी 5 मंजिला इमारत, कई लोगों के दबे होने की आशंका; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Delhi Saket Building Collapse : दिल्ली के साकेत इलाके में पांच मंजिला इमारत ढहने से हड़कंप मच गया। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। पुलिस, दमकल और रेस्क्यू टीम राहत कार्य में जुटी है।

Delhi Saket Building Collapse : राजधानी दिल्ली के साकेत इलाके में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। मौके पर पहुंची पुलिस, दमकल विभाग और आपातकालीन चिकित्सा टीम राहत कार्य में जुटी हुई हैं। अब तक चार से पांच लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इमारत अचानक ढह गई, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद क्षेत्र को खाली कराया गया और सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के निवासियों एवं दुकानदारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।

दमकल विभाग को हादसे की सूचना शाम करीब 7:45 बजे मिली, जिसके बाद कई दमकल गाड़ियां और बचाव दल मौके पर पहुंचे। बचावकर्मी भारी मशीनों और विशेष उपकरणों की मदद से मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना और घायलों को जल्द से जल्द उपचार उपलब्ध कराना है। पुलिस के अनुसार, एक जर्जर (खंडहर) इमारत पास स्थित एक रिहायशी भवन पर गिर गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

फिलहाल राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button