UP Mau News: जन्मदिन पर केक नहीं, कुछ और चुना! मऊ के दंपत्ति की पहल ने जीता सबका दिल
शशि प्रभा पांडेय और सर्वेश पांडेय ने जन्मदिन को समाजसेवा से जोड़ते हुए जिला अस्पताल मऊ में रक्तदान किया।
UP Mau News: समाज में जन्मदिन मनाने के तमाम तौर-तरीके आपने देखे होंगे, लेकिन मऊ जनपद में एक दंपत्ति ने इसे बेहद खास और प्रेरणादायक अंदाज में मनाया। दौलसेपुर (खुरहट) निवासी एवं अधिवक्ता सतीश कुमार पांडेय की बहन शशि प्रभा पांडेय और उनके पति सर्वेश पांडेय ने जन्मदिन के पावन अवसर पर जिला अस्पताल मऊ पहुंचकर रक्तदान किया।
आमतौर पर लोग जन्मदिन के मौके पर केक काटकर या पार्टियों में पैसे खर्च कर खुशियां मनाते हैं, लेकिन इस दंपत्ति ने किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने के संकल्प के साथ रक्तदान करने का फैसला किया। अस्पताल परिसर में दोनों ने एक साथ रक्तदान कर समाज को एक सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश दिया।
इस अवसर पर अधिवक्ता सतीश कुमार पांडेय ने दंपत्ति के इस नेक कार्य की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता। उन्होंने कहा कि उनकी बहन और बहनोई द्वारा जन्मदिन के अवसर पर उठाया गया यह कदम समाज के अन्य लोगों, विशेषकर युवाओं को रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करेगा।
UP Mau News: आखिर कौन थे संजय पांडेय, जिनके निधन से मऊ में छा गया शोक का माहौल?
रक्तदान के दौरान जिला अस्पताल के ब्लड बैंक कर्मचारियों ने भी दंपत्ति के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की। उन्होंने दोनों को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
दंपत्ति की इस अनूठी पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि जन्मदिन और अन्य विशेष अवसरों को इस तरह समाजसेवा से जोड़ा जाए, तो इससे न केवल जरूरतमंदों को जीवनदान मिल सकता है, बल्कि समाज में जागरूकता और मानवता की भावना भी मजबूत होगी।



