International News: गीज़ा के पिरामिड से लिंकन मेमोरियल तक गूंजेगा योग, भारतीय मिशनों ने झोंकी पूरी ताकत

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 को ऐतिहासिक बनाने के लिए 210 से अधिक भारतीय मिशन 2500+ स्थानों पर आयोजित करेंगे कार्यक्रम

International Yoga Day 2026: वैश्विक मंच पर ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ का संदेश देने के लिए दुनिया भर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के भव्य आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए विदेशों में स्थित भारतीय मिशन बेहद सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। भारतीय दूतावास, उच्चायोग और महावाणिज्य दूतावासों की ओर से दुनियाभर के शहरों में पिछले कई दिनों से बड़े योग शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें भारतीय मूल के लोगों के साथ-साथ स्थानीय लोगों की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिल रही है।

भारतीय मिशनों के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर साझा की जा रही जानकारियों से स्पष्ट है कि इस बार आयोजन को अभूतपूर्व बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी गई है। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) द्वारा जारी बयान के अनुसार, भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के सहयोग से 210 से अधिक भारतीय मिशनों द्वारा दुनिया भर में 2500 से अधिक स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन और आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा आयोजित ‘कॉमन योग प्रोटोकॉल’ सत्र में 800 से अधिक लोगों ने भाग लिया। वहीं, वाशिंगटन डीसी स्थित भारतीय दूतावास ने प्रसिद्ध लिंकन मेमोरियल पर इस वर्ष का फ्लैगशिप आउटडोर योग सत्र आयोजित करने का आधिकारिक निमंत्रण अपने एक्स हैंडल पर जारी किया है।

पुर्तगाल में टेम्पलो रोमानो डी इवोरा (ऐतिहासिक रोमन मंदिर) और जर्मनी के बर्लिन में स्थानीय नगर पालिकाओं के सहयोग से इस वर्ष की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ पर आधारित विशेष डिजिटल पंजीकरण अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

काहिरा में भारतीय दूतावास इस बार 21 जून की सुबह विश्व के प्राचीन अजूबों में शामिल ‘गीज़ा के पिरामिड’ के सामने अपना मुख्य योग कार्यक्रम आयोजित करेगा। वहीं, अबू धाबी में भारतीय दूतावास लौवर अबू धाबी के विश्व प्रसिद्ध गुंबद (डोम) के नीचे विशेष योग सत्र का आयोजन करेगा।

इस वर्ष के आयोजनों की सबसे बड़ी उपलब्धि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देखने को मिली है। आयुष मंत्रालय और मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान द्वारा आयोजित 14 जून के विशेष लाइव योग सत्र ने नया ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ स्थापित किया है। यूट्यूब लाइव स्ट्रीम के माध्यम से आयोजित इस सत्र को एक साथ 4,35,831 सत्यापित दर्शकों ने लाइव देखा, जिसने पूर्व के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए।

International Yoga Day 2026: यूपी में 21 जून को ग्राम पंचायत से जिला मुख्यालय तक होंगे भव्य योग कार्यक्रम

इस रिकॉर्ड को बनाने में केवल भारत के लोगों ने ही नहीं, बल्कि दुनिया के विभिन्न देशों के लोगों ने भी भागीदारी की। फिलीपींस, मलेशिया, मॉरीशस, जॉर्डन, लिथुआनिया और हांगकांग सहित कई देशों में स्थित भारतीय दूतावासों और उच्चायोगों ने अपने एक्स और फेसबुक हैंडल के माध्यम से व्यापक पंजीकरण अभियान चलाया और लोगों को योग कार्यक्रमों से जोड़ने का प्रयास किया।

भारत की प्राचीन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत ‘योग’ को वैश्विक आंदोलन का स्वरूप देने में भारतीय मिशनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विदेशों में भारतीय मिशन, आईसीसीआर के सहयोग से योग प्रमाणन बोर्ड (वाईसीबी) की परीक्षाओं का समन्वय भी करते हैं। इसके तहत विदेशी योग प्रशिक्षकों और पेशेवरों को भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त आधिकारिक डिजिटल प्रमाणपत्र प्रदान किए जाते हैं, जिससे विदेशों में योग के प्रचार-प्रसार को और मजबूती मिलती है।

इसके अतिरिक्त, वैश्विक स्तर पर संचालित ‘योग संगम’ और ‘हार्टफुलनेस ग्लोबल क्लासेज’ जैसे अभियानों के तहत 15 से 21 जून के बीच 11 अंतरराष्ट्रीय भाषाओं, जिनमें अरबी, फ्रेंच, स्पेनिश और जर्मन शामिल हैं, में भाग लेने वाले विदेशी प्रतिभागियों को डिजिटल सहभागिता प्रमाणपत्र सीधे उनके व्हाट्सएप और ईमेल पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

(रिपोर्ट: शाश्वत तिवारी)

Related Articles

Back to top button