Ketan Agrawal Murder Case : ‘विग कोई राज़ नहीं था … तो आखिर सिया ने केतन को क्यों मार डाला, परिवार बोला ने बताई वजह
Ketan Agrawal Murder Case : केतन अग्रवाल हत्याकांड में विग विवाद पर परिवार ने कहा कि सिया गोयल को पहले से जानकारी थी। पुलिस का दावा- हत्या की मुख्य वजह प्रेम संबंध और शादी से बचना था।
Ketan Agrawal Murder Case : चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच के बीच एक नया पहलू सामने आया है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि केतन अग्रवाल हेयर पैच (विग का एक प्रकार) पहनते थे। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इसे हत्या के पीछे का एकमात्र मकसद नहीं माना जा सकता। वहीं, केतन के परिवार ने स्पष्ट किया है कि इस बात को सगाई से पहले ही सिया गोयल और उसके परिवार को बता दिया गया था।
केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने कहा कि उनके बेटे के विग पहनने की बात कभी छिपाई नहीं गई थी। उन्होंने कहा, “अगर सिया या उसके परिवार को इससे कोई आपत्ति थी, तो वे रिश्ता करने से मना कर सकते थे। मेरे बेटे की हत्या करने की क्या जरूरत थी?”
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस के अनुसार, जांच में अभी तक ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं मिला है जिससे यह साबित हो कि केवल हेयर पैच (विग) ही हत्या की वजह था। जांचकर्ताओं का मानना है कि हत्या के पीछे मुख्य कारण सिया गोयल और चेतन चौधरी का कथित प्रेम संबंध तथा सिया का शादी नहीं करना चाहना था।
पुलिस का दावा है कि चेतन चौधरी ने ही सिया गोयल को अपने मंगेतर केतन अग्रवाल को रास्ते से हटाने के लिए उकसाया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने पहले एक-दूसरे पर आरोप लगाए, लेकिन बाद में कथित साजिश में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली।
कई बार बनाई गई थी हत्या की योजना
जांच एजेंसियों के मुताबिक, 18 जून को हुई घटना अचानक नहीं थी। पुलिस का आरोप है कि सिया इससे पहले 31 मई और 14 जून को भी केतन को लोहागढ़ किले लेकर गई थी, लेकिन हत्या की योजना सफल नहीं हो सकी। 4 जून की एक और योजना केतन की मां के मना करने के कारण टल गई थी।
पुलिस का दावा है कि 18 जून को सिया ने पहले से तय इशारा किया, जिसके बाद चेतन चौधरी ने चट्टान के किनारे बैठे केतन को पीछे से धक्का देकर खाई में गिरा दिया। जांचकर्ताओं का कहना है कि केतन को इस हमले का बिल्कुल अंदाजा नहीं था।
बाली ट्रिप और पासपोर्ट भी जांच के दायरे में
पुलिस का आरोप है कि सिया ने बाली में होने वाले प्री-वेडिंग शूट को रोकने के लिए केतन का पासपोर्ट भी छिपा दिया था। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के अनुसार, सिया और चेतन पिछले एक वर्ष में 2,000 से अधिक बार एक-दूसरे से संपर्क में रहे थे।
सिया के परिवार ने उठाए सवाल
दूसरी ओर, सिया गोयल के परिवार ने पुलिस की जांच के कुछ निष्कर्षों पर सवाल उठाए हैं। सिया की मां का दावा है कि उनकी बेटी 18 जून को लोहागढ़ किले जाने के पक्ष में नहीं थी और केतन तथा उसकी मां के बार-बार आग्रह करने पर ही वह वहां गई थी।
सिया के पिता ने उन मीडिया रिपोर्टों का भी खंडन किया, जिनमें शादी पर भारी-भरकम खर्च, चार्टर्ड विमान और महल बुक करने जैसे दावे किए गए थे। उन्होंने कहा कि शादी उदयपुर में प्रस्तावित थी और कुल खर्च लगभग तीन करोड़ रुपये के आसपास होना था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सिया गोयल तथा चेतन चौधरी न्यायिक प्रक्रिया का सामना कर रहे हैं। मामले में आरोप अभी अदालत में सिद्ध होना बाकी हैं।



