PM Modi Seychelles Visit: तीन दिवसीय सेशेल्स दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी, राष्ट्रीय दिवस समारोह में होंगे मुख्य अतिथि
PM Modi Seychelles Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय सेशेल्स दौरे पर पहुंचे। राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि बनेंगे। भारत-सेशेल्स रक्षा, समुद्री सुरक्षा और व्यापार सहयोग पर होगी अहम चर्चा।
PM Modi Seychelles Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हिंद महासागर स्थित द्वीपीय देश सेशेल्स पहुंचे। राजधानी विक्टोरिया में सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने नेशनल बॉटनिकल गार्डन का दौरा किया, जहां उन्होंने अल्डाबरा प्रजाति के विशाल कछुओं को खाना खिलाया।
प्रधानमंत्री मोदी 29 जून को सेशेल्स के 50वें राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके साथ ही वह सेशेल्स की नेशनल असेंबली को संबोधित करेंगे। किसी भारतीय प्रधानमंत्री का यह पहला संबोधन होगा, जिसे दोनों देशों के बढ़ते रणनीतिक और लोकतांत्रिक सहयोग का महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।
यात्रा से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सेशेल्स भारत का एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी और ‘सागर’ (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास) दृष्टिकोण का प्रमुख साझेदार है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं। ऐसे में यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा देने का अवसर है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करना, समुद्री सुरक्षा को नई गति देना तथा हिंद महासागर क्षेत्र में साझा विकास और स्थिरता के विजन को आगे बढ़ाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देशों के बीच सहयोग भविष्य में और व्यापक होगा।
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के बीच होने वाली द्विपक्षीय वार्ता में रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, व्यापार, विकास परियोजनाओं और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा और सामरिक सहयोग को मजबूत करने पर भी दोनों देशों के बीच सहमति बनने की उम्मीद है।
भारत और सेशेल्स के संबंध ऐतिहासिक रूप से भी काफी पुराने हैं। वर्ष 1770 में जब सेशेल्स में पहली स्थायी बस्ती स्थापित हुई थी, तब वहां पहुंचे 27 लोगों में पांच भारतीय भी शामिल थे। इसके बाद बिहार, तमिलनाडु और गुजरात से बड़ी संख्या में भारतीय यहां आकर बसे। वर्तमान में लगभग 1.20 लाख की आबादी वाले सेशेल्स में हर आठवां नागरिक भारतीय मूल का है।
विशेषज्ञों का मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देने के साथ हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की भूमिका को भी और सशक्त बनाएगी।



