International News: ईरान की अमेरिका-इजरायल को खुली चेतावनी, अंतिम संस्कार के दौरान हमले पर दी कड़े जवाब की धमकी
4 जुलाई से शुरू होंगे अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के कार्यक्रम, ईरान ने सुरक्षा बढ़ाई
Iran Warning US Israel: ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच मध्य-पूर्व में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। ईरान ने अमेरिका और इजरायल को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि शोक समारोह के दौरान किसी भी प्रकार की सैन्य कार्रवाई या हमला किया गया तो उसका जवाब बेहद सख्त और निर्णायक होगा।
ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने कहा है कि देश की सशस्त्र सेनाएं किसी भी संभावित खतरे का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने विरोधी देशों से किसी भी तरह की “गलतफहमी” से बचने की अपील करते हुए कहा कि ईरान की प्रतिक्रिया ऐसी होगी, जिसका उन्हें गंभीर परिणाम भुगतना पड़ेगा।
4 जुलाई से शुरू होंगे अंतिम संस्कार के कार्यक्रम
सरकारी कार्यक्रम के अनुसार अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार से जुड़े समारोह 4 जुलाई से तेहरान में शुरू होंगे। इसके बाद विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और 9 जुलाई को उनके गृह नगर मशहद में दफन किया जाएगा। सुरक्षा कारणों से पूरे देश में विशेष इंतजाम किए गए हैं।
ईरानी सेना ने दी कड़ी प्रतिक्रिया की चेतावनी
तेहरान स्थित खातम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के कमांडर मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही ने कहा कि ईरान के विरोधी देशों को इस दौरान किसी भी तरह की सैन्य कार्रवाई से बचना चाहिए। उनका कहना था कि यदि देश की सुरक्षा को चुनौती देने की कोशिश की गई तो ईरानी सेना पूरी ताकत से जवाब देगी।
International News: यूएन में गरजा भारत, कहा- आतंकी सिर्फ आतंकी होता है, नहीं चलेगा दोहरा रवैया
विदेश मंत्री ने भी अमेरिका पर साधा निशाना
इससे पहले ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने भी अमेरिका और इजरायल पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि ईरान अपने राष्ट्रीय हितों और नेतृत्व के खिलाफ किसी भी प्रकार की धमकी को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि ईरान की सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई तो उसका तत्काल और प्रभावी जवाब दिया जाएगा।
क्षेत्र में बढ़ी सुरक्षा, दुनिया की नजरें मध्य-पूर्व पर
खामेनेई के अंतिम संस्कार को देखते हुए ईरान में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। प्रमुख शहरों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और कुछ क्षेत्रों में हवाई यातायात पर भी अस्थायी प्रतिबंध लगाए गए हैं। मौजूदा हालात को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि अंतिम संस्कार के दौरान क्षेत्र में शांति बनी रहती है या तनाव और बढ़ता है।



