OP Rajbhar on Akhilesh Yadav: सपा का आना मतलब, यूपी का पश्चिम बंगाल बन जाना’, ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला

जातीय हिंसा: पार्ट-2' पोस्ट में ओपी राजभर ने सपा शासनकाल पर लगाए गंभीर आरोप, कानून-व्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव को घेरा

OP Rajbhar on Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश की सियासत में जुबानी जंग लगातार तेज होती जा रही है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर जारी अपने नए पोस्ट में राजभर ने सपा शासनकाल को लेकर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि “सपा का आना मतलब, उत्तर प्रदेश का पश्चिम बंगाल बन जाना।”

‘जातीय हिंसा: पार्ट-2’ पोस्ट में लगाए गंभीर आरोप

ओमप्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर अपने अभियान ‘जातीय हिंसा: पार्ट-2’ के तहत एक लंबा पोस्ट साझा किया। इसमें उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2012 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में जातीय और सांप्रदायिक तनाव बढ़ा। उनका आरोप है कि सत्ता संभालने के कुछ ही समय बाद कई जिलों में दलित और पिछड़े वर्ग के गांवों में हिंसा और आगजनी की घटनाएं हुईं।

राजभर ने लिखा कि उस दौर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी और पुलिस कई मामलों में मूकदर्शक बनी रही।

’36 घंटे में शुरू हो गई थी हिंसा’

अपने पोस्ट में राजभर ने दावा किया कि 2012 विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के महज 36 घंटे के भीतर ही प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हिंसक घटनाएं शुरू हो गई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि नौ जिलों में दलित और अति पिछड़े समाज के गांवों को निशाना बनाया गया, हालांकि उन्होंने अपने पोस्ट में इन दावों के समर्थन में कोई आधिकारिक दस्तावेज या साक्ष्य साझा नहीं किया।

UP Lucknow News: दसमेश पब्लिक स्कूल में स्मार्ट क्लासेज और म्यूजिक रूम का उद्घाटन, छात्रों को मिलेगी आधुनिक शिक्षा की सुविधा

अंबेडकरनगर की घटना का भी किया जिक्र

राजभर ने अपने पोस्ट में अंबेडकरनगर की एक कथित घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि उस समय एक पूर्व मंत्री की राइस मिल में आग लगा दी गई थी और प्रशासन स्थिति संभालने में असहाय दिखाई दिया। इस घटना का हवाला देते हुए उन्होंने तत्कालीन सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।

पहले भी शुरू किया था ‘सपा का आतंकराज’ अभियान

गौरतलब है कि इससे पहले भी ओमप्रकाश राजभर ‘सपा का आतंकराज – पार्ट 1’ शीर्षक से पोस्ट साझा कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि वह सोशल मीडिया के माध्यम से सपा सरकार के कार्यकाल से जुड़े मुद्दों और अपने आरोपों को सिलसिलेवार तरीके से जनता के सामने रखते रहेंगे।

राजनीतिक बयानबाजी तेज

राजभर के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। फिलहाल समाजवादी पार्टी की ओर से इस ताजा पोस्ट पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button