Sonbhadra News: फिटनेस के नाम पर मनमानी वसूली का आरोप, बसपा नेता ने सौंपा ज्ञापन
Sonbhadra News: Allegations of arbitrary fee collection under the guise of 'fitness' (vehicle fitness certification); BSP leader submits a memorandum.
Sonbhadra News:जनपद सोनभद्र में स्थापित वाहन फिटनेस सेंटर द्वारा फिटनेस जांच एवं फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी करने के नाम पर वाहन स्वामियों से निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक मनमानी एवं अत्यधिक धनराशि वसूलने का मामला सामने आया है। इस गंभीर समस्या को लेकर बहुजन समाज पार्टी के जिला महासचिव अमन कुमार मौर्य ने जिलाधिकारी सोनभद्र को पत्र सौंपकर शीघ्र जांच व कार्रवाई की मांग की है।
अमन कुमार मौर्य ने पत्र में उल्लेख किया है कि सोनभद्र ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन के संज्ञान में यह शिकायत आई है कि जनपद में संचालित फिटनेस सेंटर द्वारा वाहनों की फिटनेस जांच के नाम पर वाहन स्वामियों से अतिरिक्त धनराशि की मांग की जा रही है। इस प्रकार की अवैध एवं अनियमित वसूली के कारण जनपद के छोटे-बड़े वाहन स्वामी अत्यंत परेशान एवं आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। वाहन स्वामियों को अपने वाहनों की फिटनेस कराने के लिए निर्धारित शुल्क से कहीं अधिक धनराशि खर्च करनी पड़ रही है, जिससे उनमें भारी असंतोष व्याप्त है।
पत्र में कहा गया है कि वाहन स्वामी पहले से ही डीजल, पेट्रोल, बीमा, टैक्स, मरम्मत एवं अन्य खर्चों के बढ़ते बोझ से परेशान हैं। ऐसी स्थिति में फिटनेस सेंटर द्वारा अतिरिक्त धनराशि की मांग करना वाहन स्वामियों के साथ आर्थिक शोषण के समान है।
सोनभद्र ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन की ओर से निम्नलिखित मांगें रखी गई हैं। जनपद में संचालित फिटनेस सेंटर की कार्यप्रणाली एवं शुल्क वसूली की निष्पक्ष जांच कराई जाए। फिटनेस के लिए निर्धारित सरकारी शुल्क की सूची सेंटर परिसर में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराई जाए। निर्धारित शुल्क से अतिरिक्त किसी भी प्रकार की धनराशि की वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए। वाहन स्वामियों से मनमानी धनराशि वसूलने की शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित सेंटर के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। फिटनेस प्रक्रिया को पारदर्शी एवं वाहन स्वामियों के लिए सुविधाजनक बनाया जाए। प्रत्येक वाहन स्वामी को जमा की गई धनराशि की विधिवत रसीद उपलब्ध कराई जाए।
बसपा जिला महासचिव अमन कुमार मौर्य ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि वाहन स्वामियों की इस गंभीर समस्या को संज्ञान में लेते हुए शीघ्र उचित कार्यवाही करने की कृपा करें, जिससे वाहन स्वामियों को अनावश्यक आर्थिक शोषण से राहत मिल सके। उन्होंने प्रार्थना पत्र के माध्यम से दी गई सूचना पर विशेष रूप से ध्यान आकर्षित करने का आग्रह किया है, ताकि जनहित में लोगों को राहत की सांस मिल सके। इस पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार, लखनऊ को भी प्रेषित की गई है।
रिपोर्ट -अमित मिश्रा, सोनभद्र



