Bhopal Farmers Protest: भोपाल में किसानों का बड़ा प्रदर्शन, सीएम हाउस घेराव की तैयारी; मोहन यादव ने बनाई समिति
मूंग की 100% सरकारी खरीद और ई-टोकन व्यवस्था में सुधार की मांग पर अड़े किसान, सरकार ने बातचीत का दिया भरोसा
Bhopal Farmers Protest: भोपाल में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बड़ी संख्या में किसान सड़कों पर उतर आए हैं। प्रदर्शनकारी किसान मुख्यमंत्री आवास (सीएम हाउस) की ओर मार्च करने की तैयारी में हैं। इस बीच मध्य प्रदेश सरकार ने बातचीत के जरिए समाधान निकालने की पहल करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर किसानों से वार्ता के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में ‘कृषि कल्याण वर्ष’ मनाया जा रहा है और सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए समिति बनाई गई है, जो प्रदर्शनकारी किसानों से बातचीत करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि कृषि मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी लगातार किसानों से संवाद कर रहे हैं तथा सरकार सकारात्मक सुझावों के साथ समाधान निकालने के पक्ष में है। साथ ही उन्होंने अपील की कि आंदोलन के दौरान आम जनता को अनावश्यक परेशानी न हो।
प्रदर्शन कर रहे किसानों की प्रमुख मांगों में मूंग की फसल की 100 प्रतिशत सरकारी खरीद, खाद वितरण के लिए आसान ई-टोकन व्यवस्था, खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा भावांतर योजना की कमियों को दूर करना शामिल है। किसानों का कहना है कि हर किसान की उपज सरकारी स्तर पर खरीदी जाए और उन्हें फसल बेचने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने किसानों से बातचीत कर आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास किया था, लेकिन वार्ता बेनतीजा रही। इसके बाद किसानों ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का निर्णय लिया। प्रशासन ने सावरकर सेतु के पास बैरिकेडिंग कर किसानों को रोक रखा है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
Bhopal News-भोपालः राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता शुक्रवार से
प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए किसानों ने धरना स्थल पर ही रात बिताई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे राशन-पानी की पूरी व्यवस्था के साथ आंदोलन में शामिल हुए हैं और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे वापस नहीं लौटेंगे। किसानों ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक है तथा उनका उद्देश्य किसी सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना नहीं है।
किसानों का कहना है कि इस बार आंदोलन की अगुवाई बड़ी संख्या में युवा और नई पीढ़ी के किसान कर रहे हैं। आंदोलन के कारण भोपाल के कई स्कूल बंद रहे, जबकि शहर के कई इलाकों में ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। प्रशासन ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर रूट डायवर्जन भी लागू किया है।



