Delhi Gagan Vihar Murder: पत्नी की कैंची घोंपकर हत्या, पड़ोसियों ने सुनी चीखें, बाहर से दरवाजा बंद कर फरार हुआ पति
शाहदरा के गगन विहार में घरेलू विवाद के बाद वारदात, कई घंटे तक घर में पड़ी रही महिला की लाश, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
Delhi Gagan Vihar Murder: दिल्ली के शाहदरा जिले के गगन विहार इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के बाद एक पति पर अपनी पत्नी की कैंची घोंपकर हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी घर का दरवाजा बाहर से बंद कर फरार हो गया। कई घंटे बाद जब परिजन घर पहुंचे तो महिला का खून से लथपथ शव देखकर हड़कंप मच गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई की रात करीब 9 बजे जगतपुरी थाना पुलिस को गगन विहार स्थित एक फ्लैट में महिला का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका की पहचान 50 वर्षीय कोमल के रूप में की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोपहर के समय कोमल और उनके पति कमल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान पति ने कैंची से पत्नी के गले पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी अपना सामान लेकर घर से निकल गया और बाहर से दरवाजे पर कुंडी लगाकर फरार हो गया। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिनमें आरोपी सामान लेकर निकलता दिखाई देने की बात सामने आई है।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि यदि आरोपी घर को बाहर से बंद करके नहीं जाता तो शायद समय रहते महिला की जान बचाई जा सकती थी। परिजनों के मुताबिक, घर के अंदर बेडरूम से लेकर ड्राइंग रूम तक खून फैला हुआ था, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि महिला ने बचने की काफी कोशिश की होगी।
घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने चीख-पुकार सुनने की बात कही, लेकिन उसी इमारत के अन्य लोगों और परिजनों को कई घंटों तक घटना की भनक तक नहीं लगी। मृतका का बेटा जब लाइब्रेरी से घर लौटा और फ्लैट खोला, तब इस वारदात का खुलासा हुआ।
पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।



