Ayodhya News: अयोध्या में हरित क्रांति की पहल, पलिया शाहबदी में बनेगा मियावाकी वन और जानकी जलाशय

नगर निगम और इंडिया पेस्टिसाइड्स लिमिटेड की संयुक्त परियोजना, सीएसआर फंड से होगा पर्यावरण संरक्षण का कार्य

Ayodhya News:पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम अयोध्या एवं इंडिया पेस्टिसाइड्स लिमिटेड (आईपीएल) ने एक नई पहल शुरू की है। सीएसआर फंड के सहयोग से पलिया शाहबदी क्षेत्र में मियावाकी तकनीक पर आधारित संजीवनी उपवन और जानकी जलाशय विकसित किए जाएंगे। मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन के साथ परियोजना का शुभारंभ किया गया।

भूमि पूजन समारोह में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने अध्यक्षता की, जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक कौशल किशोर मुख्य अतिथि और राज्य सूचना आयुक्त पी.एन. द्विवेदी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

मुख्य अतिथि कौशल किशोर ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समाज की सक्रिय भागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण के अभियान सफल हो सकते हैं और यह परियोजना अयोध्या को अधिक हरित एवं स्वच्छ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने बताया कि नगर निगम शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि मियावाकी पद्धति से तैयार होने वाला यह उपवन कम क्षेत्रफल में घना वन विकसित करेगा, जिससे जैव विविधता बढ़ेगी और पर्यावरण संतुलन मजबूत होगा। वहीं प्रस्तावित जानकी जलाशय वर्षा जल संचयन, भूजल स्तर में सुधार और स्थानीय पारिस्थितिकी के संरक्षण में उपयोगी साबित होगा।

राज्य सूचना आयुक्त पी.एन. द्विवेदी ने कहा कि यह परियोजना जल संरक्षण के क्षेत्र में एक आदर्श उदाहरण बनेगी और आने वाले समय में अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत होगी।

आईपीएल की ओर से कार्यक्रम का संचालन कर रहे पवन पांडे ने बताया कि परियोजना को चरणबद्ध तरीके से लगभग दो वर्षों में पूरा किया जाएगा। भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और निर्धारित समय में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस अवसर पर इंडिया पेस्टिसाइड्स लिमिटेड के निदेशक विश्वास स्वरूप अग्रवाल, सीएसआर निदेशक रामकृष्ण सुब्रमण्यम सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन अतिथियों के प्रति आभार ज्ञापन के साथ हुआ।

Read Also-69000 Teacher Recruitment Case: सुप्रीम कोर्ट में आज की सुनवाई पूरी, अब 11 अगस्त को होगी अगली सुनवाई

Related Articles

Back to top button